Advertisement
18 June 2018

केजरीवाल के मसले पर मतभेद के बीच कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने ममता से की मुलाकात

उपराज्यपाल और दिल्ली सरकार के बीच चल रहे टकराव पर मतभेद के बावजूद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने रविवार को तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी से मुलाकात की। इसे लेकर माना जा रहा है कि सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ विपक्षी गठबंधन में शामिल होने में कांग्रेस की दिलचस्पी हो सकती है।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, ममता ने बंगला भवन में पटेल का गर्मजोशी से स्वागत किया, जो वहां फूल और फलों की बड़ी टोकरी लेकर पहुंचे थे।

तृणमूल कांग्रेस से जुड़े एक सूत्र ने कहा, ‘‘ ममता से अहमद पटेल की मुलाकात राजनीतिक महत्व रखती हैं क्योंकि संभावित तौर पर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने उन्हें मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए कहा था। ममता भाजपा के खिलाफ सभी दलों को एकजुट करने में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और स्पष्ट तौर पर कांग्रेस भी इसका हिस्सा बनना चाहती है।’’

Advertisement

इसके साख ही कांग्रेस भाजपा और एनडीए को समूचे विपक्ष की एकजुटता का संदेश देते रहना चाहती थी। ऐसे में केजरीवाल के मुद्दे पर वह भाजपा के खिलाफ बन रही एकजुटता को किसी भी तरह पर कमजोर नहीं करना चाहती है।

गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल के दिल्ली के एलजी निवास पर चल हे धरने पर चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित कई विपक्षी नेताओं ने खुलकर समर्थन दे दिया। शनिवार को केजरीवाल के आवास पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी और केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने केंद्र से तुरंत 'संकट' का समाधान करने को कहा था। इसके अलावा सीपीआईएम के महासचिव सीताराम येचुरी, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी केजरीवाल को अपना समर्थन दिया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress leader, Ahmed Patel, met, TMC chief Mamata Banerjee
OUTLOOK 18 June, 2018
Advertisement