Advertisement
01 October 2020

हाथरस गैंगरेप मामला: कांग्रेस नेता राहुल-प्रियंका गिरफ्तार, बाद में छोड़ा गया

File Photo

गुरूवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा हाथरस गैंगरेप पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए दिल्ली से रवाना हुए। लेकिन, उनके काफिले को यमुना एक्सप्रेस-वे पर रोक दिया गया। जिसके बाद दोनों हाथरस पीड़िता से मिलने के लिए पैदल ही रवाना हो गए। लेकिन, अब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। दोनों नेताओं के गिरफ्तार किए जाने की जानकारी कांग्रेस ने दी है। पैदल जाने के दौरान पुलिस और राहुल के बीच धक्कामुक्की भी हुई, जिस कारण वो जमीन पर गिर गए। प्रियंका वाड्रा के साथ पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद हैं।

राहुल गांधी ने गिरफ्तार किए जाने पर पुलिस से पूछा, मैं अकेला यहां से हाथरस जाना चाहता हूं। मुझे किस आधार पर गिरफ्तार किया जा रहा है मुझे ये बता दीजिए। जिसके बाद पुलिस ने कहा, "हम आपको यहां से आगे नहीं जाने देंगे। हम आपको अरेस्ट करते हैं। आपको धारा 188 के अंतर्गत गिरफ्तार किया जाता है।"

गौरतलब है कि हाथरस जिले में धारा 144 लागू है। जिले के बॉर्डर को सील कर दिया गया है। पांच से अधिक लोग एक जगह इकठ्ठा होने पर रोक है। जिलाधिकारी पी लक्षकार ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के जिले में पहुंचने की जानकारी से इनकार किया था। पी लक्षकार ने कहा था कि उन्हें इस बाबत कोई जानकारी नहीं है। गौरतलब है कि जिले में मीडिया के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।

इससे पहले मीडिया से बातचीत में प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर बरसी। उन्होंने कहा कि वो सिर्फ पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए जा रहे हैं। यह कोई अपराध नहीं है। जो सरकार धर्म और रीति रिवाज की बात करती है। उनकी सरकार में एक पीड़िता लड़की को उसके धर्म के मुताबिक दाह-संस्कार नहीं कराया गया।

प्रियंका गांधी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी योगी सरकार को लेनी होगी, जिस तरह से प्रदेश में महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहें, ये बंद होने चाहिए। यही स्थिति पिछले साल भी थी। पिछले साल तकरीबन इसी समय हम उन्नाव की बेटी की लड़ाई लड़ रहे थे। प्रदेश में हर रोज 11 रेप हो रहे हैं।

इससे पहले बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी वीडियो संदेश जारी कर घटना को लेकर बीजेपी सरकार पर हमला बोला था।उन्होंने कहा था कि हाथरस की निर्भया की मृत्यु नहीं हुई है, उसे मारा गया है। उन्होंने कहा कि क्या इस देश में बेटी होना गुनाह है? 

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश के करोड़ों लोग गुस्से में हैं। यह घटना देश के लिए एक कलंक की तरह है। उन्होंने कहा था कि एक निष्ठुर सरकार, उसके प्रशासन ने यूपी की निर्भया को मारा है। जब ज़िंदा थी तो उसकी सुनवाई नहीं हुई उसकी रक्षा नहीं हुई। उसकी मृत्यु के बाद उसे अपने घर की मिट्टी और हल्दी भी नसीब नहीं होने दी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rahul-Priyanka's convoy, Stopped on Noida Expressway, Hathras, Hathras Gangrape Victim
OUTLOOK 01 October, 2020
Advertisement