Advertisement
30 January 2019

योगी की संगम डुबकी पर शशि थरूर ने किया तंज, भाजपा ने कहा- आप नहीं समझ पाएंगे

File Photo

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मंत्रिमंडल के साथ संगम में स्नान किया। इस पर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने हिंदी में ट्वीट किया, "गंगा भी स्वच्छ रखनी है और पाप भी यहीं धोने हैं। इस संगम में सब नंगे हैं! जय गंगा मैया की!" इस पर भाजपा ने उन पर निशाना साधा है।

कांग्रेस नेता हिंदी में कम ही ट्वीट करते हैं क्योंकि वह अपनी अंग्रेजी के लिए मशहूर हैं। लेकिन इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर शशि थरूर ट्रोल हो गए। लोगों ने शशि थरूर के इस पोस्ट पर कई सवाल खड़े किए। वहीं कई लोगों ने थरूर को यह भी याद दिलाया कि कब-कब कांग्रेस नेता गंगा में डुबकी लगाते रहे हैं। 

भाजपा ने किया पलटवार

Advertisement

यूपी सरकार के मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने शशि थरूर के कुंभ से जुड़े ट्वीट पर कहा, ''वह कुंभ के महत्व को कैसे समझेंगे? वह जिस माहौल में हैं, वह जिस संस्कृति से हैं, इसे समझ नहीं पाएंगे। आप लोगों ने बहुत सारे बुरे काम किए हैं, कुंभ में एक पवित्र डुबकी लगाइए और आपको शायद अपने पापों से छुटकारा मिल जाए।''

कैबिनेट मीटिंग के बाद योगी ने लगाई थी डुबकी

मंगलवार को सीएम योगी ने पहली बार लखनऊ से बाहर कुंभनगरी प्रयागराज में कैबिनेट बैठक की थी। बैठक के बाद कैबिनेट के मंत्रियों के साथ संगम में स्नान किया। उनके साथ अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि और तमाम साधु-संतों ने भी डुबकी लगाई।

थरूर के रात 10 बजे किए गए ट्वीट पर करीब 12 घंटे में 2700 लोगों ने कमेंट किए। बता दें कि थरूर के ट्विटर पर 67 लाख से अधिक फॉलोअर हैं। थरूर अक्सर अलग हटकर ट्वीट करने की वजह से सोशल मीडिया पर चर्चा में रहते हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress leader, shashi tharoor, uttar pradesh cm, yogi adityanath, sangam, holy dip, bjp
OUTLOOK 30 January, 2019
Advertisement