Advertisement
13 February 2019

यूपी में कांग्रेस और महान दल का गठबंधन, प्रियंका बोलीं- हम जी जान से लड़ेंगे चुनाव

ANI

कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा दो दिनों तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद बुधवार को मीडिया के सामने आईं। उन्होंने और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश में कांग्रेस के साथ पहले गठबंधन की भी घोषणा की गई। कांग्रेस महान दल के साथ राज्य में गठबंधन करेगी। इस दौरान महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य भी मौजूद थे।

हम जी जान से लड़ेंगे चुनाव

प्रियंका ने कहा कि राहुल जी ने हमें बड़ा लक्ष्य दिया है। हम जी जान से 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। लखनऊ में कई लोकसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात के बाद प्रियंका ने मीडिया से बात की। इस दौरान महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने कांग्रेस के साथ गठबंधन का ऐलान किया। यूपी में लोकसभा चुनाव से पहले किसी भी पार्टी से कांग्रेस का यह पहला गठबंधन होगा।

Advertisement

मैं मौर्य जी का स्वागत करती हूं

प्रियंका गांधी ने कहा, 'मैं मौर्य जी का स्वागत करना चाहती हूं। यह हमारे साथ चुनाव लड़ेंगे। राहुल जी ने हमें बड़ा लक्ष्य है, एक ऐसी राजनीति का हम लोग निर्माण करें, जिसमें सब भागीदार हो। इसमें सब वर्ग हों, सब समुदायों का साथ हो, सबका प्रतिनिधित्व हो। हम सब मिलकर यह प्रयास कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि आगे बढ़कर हम मजबूती से लड़ें और यह लड़ाई जो 2019 की लड़ाई है। इसको हम जी जान से लड़ें और हम जी जान से लड़ेंगे।'

महान दल हमारी सोच के साथ

इस दौरान पश्चिम यूपी प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, 'हमारी सोच के साथ मिलकर महान दल इस संग्राम में काम करेगा। एक ऐसी सरकार स्थापित करने के लिए केंद्र में और उसके बाद प्रदेश में, जो जनता की सेवा के लिए तत्पर हो और एक सशक्त भारत, एक सशक्त उत्तर प्रदेश बने। राहुल जी की विचारधारा से प्रभावित होकर महान दल ने अपना समर्थन कांग्रेस पार्टी को दिया है।'

केशव देव मौर्य ने सपा-बसपा को आरक्षण पर घेरा

महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने सपा और बसपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछड़ों में यादवों के बाद सबसे बड़ी आबादी कुशवाहा, निषाद, नाई, राजभर समाज की है, लेकिन क्या अखिलेश या मायावती बताएंगी कि इन जातियों को कितना फीसदी आरक्षण दिया गया। इन लोगों ने कभी भी हिस्सेदारी की बात नहीं की। इन लोगों को पिछड़ों और दलितों के आरक्षण के नाम पर सत्ता मिली, लेकिन उस समय इनको याद नहीं आया कि पिछड़ी जाति में दूसरी जाति के लोग भी हैं।

उन्होंने कहा कि हम लोगों ने बीजेपी से भी पिछड़ी जाति के आरक्षण में जातियों के बीच हिस्सेदारी को बांटने की बात की, लेकिन उन्होंने हमारी बात नहीं सुनी। अब मुझे उम्मीद है कि कांग्रेस जब सत्ता में आएगी तो पिछड़ों व दलितों के आरक्षण को टुकड़ों में बांटेगी। मैं पिछले चुनाव में भी कांग्रेस के साथ था। इस चुनाव में कांग्रेस के साथ रहूंगा और आने वाले समय में भी कांग्रेस के साथ रहने की कोशिश करूंगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress, mahaan dal, uttar pradesh, priyanaka gandhi
OUTLOOK 13 February, 2019
Advertisement