Advertisement
03 April 2019

कांग्रेस ने जारी की एक और लिस्ट, ओडिशा की एक लोकसभा और 9 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान

FILE PHOTO

कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की है। कांग्रेस की इस नई लिस्ट में लोकसभा के लिए एक और ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए 9 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है। कांग्रेस ने संबलपुर लोकसभा सीट से सरत पटनायक को उम्मीदवार बनाया है।

वहीं, संबलपुर विधानसभा सीट से डॉ अश्वनि पुजारी, घोसीपुरा से निरंजन पटनायक, चौदवार कटक से जगदीश मोहंती, कटक सदर से अभिषेक महानंदा, जयदेव से सुकांता तैदी भोई, भुवनेश्वर सेंट्रल से राजीव पटनायक, भुवनेश्वर नॉर्थ से इतिश प्रधान, बेगुनिया से प्रदीप साहू और चिलिका से प्रदीप स्वैन को उम्मीदवार घोषित किया है।

पवन बंसल चंडीगढ़ से मैदान में

Advertisement

इससे पहले कांग्रेस ने 20 उम्मीदवारों की एक लिस्ट जारी की थी जिसमें गुजरात से 4, झारखंड से 3, कर्नाटक से 2, ओडिशा से 2, हिमाचल प्रदेश से 1, दादरा एंड नगर हवेली से 1 और पंजाब से 6 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया था। कांग्रेस ने इस बार चंडीगढ़ से मनीष तिवारी के बदले यूपीए सरकार में पूर्व रेल मंत्री रहे पवन कुमार बंसल को चंडीगढ़ सीट से उम्मीदवार बनाया है। वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी और पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर को पटियाला से उम्मीदवार बनाया गया है।

अमित शाह के खिलाफ सीजे चावड़ा 

इसमें गुजरात की गांधीनगर सीट से अमित शाह के खिलाफ सीजे चावड़ा को टिकट दिया गया है। चावड़ा अभी उत्तर गांधीनगर सीट से विधायक हैं। वहीं, जामनगर सीट से हार्दिक पटेल की जगह मुरुभाई कंडोरिया को उम्मीदवार बनाया गया है। इनके अलावा सुनील जाखड़ को गुरदासपुर, गुरतीज सिंह को अमृतसर, रवनीत सिंह बिट्टू को लुधियाना और संतोष सिंह चौधरी को जालंधर से फिर उम्मीदवार बनाया गया है।

ओडिशा विधानसभा की हैं 147 सीटें

इस बार लोकसभा चुनाव के साथ-साथ चार राज्‍यों में विधानसभा चुनाव भी होंगे। इनमें आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और ओडिशा है। ऐसे में इन राज्यों में राजनीतिक पार्टियां आम चुनावों के साथ-साथ विधानसभा चुनाव के लिए भी पूरा जोर लगा रही है। ओडिशा में विधानसभा की 147 सीटें हैं, ऐसे में राजनीतिक पार्टियों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करने का भी दबाव है क्योंकि उनको एक साथ दो चुनाव के लिए प्रचार करना है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress, party, releases, list, one, candidate, Odisha, LS, 9, State, legislative, assembly, lok sabha elections
OUTLOOK 03 April, 2019
Advertisement