Advertisement
24 September 2022

कांग्रेस अध्यक्ष चुनावः अशोक गहलोत और शशि थरूर के बीच हो सकता है सीधा मुकाबला, पूर्व केंद्रीय मंत्री ने मंगवाया नामांकन फॉर्म

FILE PHOTO

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव शनिवार से नामांकन भरे जाने शुरू हो गए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर  ने अध्यक्ष बनने की रेस में अपना नाम दर्ज करा लिया है। उन्होंने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय से नामांकन फॉर्म के पांच सेट मंगवाए। अब तक राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत  और शशि थरूर का नाम तय हो गया है और दोनों के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है।

शशि थरूर के करीबी आलिम जावेरी ने नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पहले दिन पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री के कार्यालय से नई दिल्ली में एआईसीसी मुख्यालय में फॉर्म एकत्र किए।

दो दशक से अधिक समय के बाद, कांग्रेस पार्टी प्रमुख के पद के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री गहलोत के साथ बीच मुकाबला होना तय है, जिन्होंने अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की है। थरूर ने सोमवार को सोनिया गांधी से मुलाकात की थी और चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की थी, जबकि कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि वह चुनाव में 'तटस्थ' रहेंगी। सोनिया गांधी ने अधिक लोगों के चुनाव लड़ने के विचार का स्वागत किया और इस धारणा को दूर कर दिया कि एक "आधिकारिक उम्मीदवार" होगा।

Advertisement

अध्यक्ष पद के चुनाव में इस बार गांधी परिवार से कोई उम्मीदवार नहीं है। इससे यह मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है। हालांकि, दो अन्य कांग्रेस नेता भी नामांकन पत्र लेने पहुंचे हैं और दोनों का दावा है कि उनके पास 10 प्रस्तावक हैं। इसमें यूपी के संभल से आए विनोद और हिमाचल के मंडी से लक्ष्मीकांत शर्मा हैं।

अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 22 सितंबर को अधिसूचना जारी हो चुकी है। आज से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हुई है, जो कि 30 सितंबर तक चलने वाली है। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर रखी गई है और मतदान प्रक्रिया 17 अक्टूबर को होगी। चुनाव परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 24 September, 2022
Advertisement