Advertisement
17 October 2022

मल्लिकार्जुन खड़गे बनाम शशि थरूर: कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव खत्म, सोनिया गांधी बोलीं- लंबे समय से इसका था इंतजार

ट्विटर/एएनआई

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सोमवार को शुरू हुआ मतदान संपन्न हो गया है। वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे और शशि थरूर इस चुनावी मुकाबले में आमने-सामने हैं। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पी चिदंबरम और जयराम रमेश सहित कई नेताओं ने वोट डाला। 22 साल बाद हुए इस चुनाव के नतीजे 19 अक्टूबर को आएंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर सोमवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) अध्यक्ष पद के लिए चुनाव में आमने-सामने हैं। इस चुनाव के बाद पार्टी को 24 से अधिक वर्षों में एक गैर-गांधी अध्यक्ष मिलना तय है। पार्टी मुख्यालय में चिदंबरम ने सबसे पहले मतदान किया। उनके बाद पार्टी महासचिव रमेश, अजय माकन और कई अन्य लोगों ने मतदान किया।

मतदान के बाद रमेश ने संवाददाताओं से कहा, "यह ऐतिहासिक मौका है। हमारे यहां स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से चुनाव हो रहा है।" उन्होंने कहा, "कांग्रेस एकमात्र राजनीति दल है जहां अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होता है। हमारे यहां टी एन शेषन की तरह केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री हैं। किसी दूसरी पार्टी में चुनाव नहीं होता।"

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पारदर्शी, लोकतांत्रिक और खुले चुनाव कराकर देश के सामने एक उदाहरण पेश किया है। मुझे पूरा भरोसा है कि इस चुनाव में जो भी जीतेगा, उसे कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं का समर्थन मिलेगा। 
 
कांग्रेस में अध्यक्ष पर के मतदान के बीच वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा, पार्टी का नेतृत्व जारी रहेगा। अब नए अध्यक्ष तय करेंगे कि कांग्रेस के दृष्टिकोण को कैसे आगे बढ़ाया जाए और इसके कैसे चालू किया जाए। 
 
महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने भी कांग्रेस कमेटी के दफ्तर पहुंचकर अपना वोट डाला। उनके साथ अन्य नेताओं ने भी मतदान किया।कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए राहुल गांधी ने भी मतदान किया। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के शिविर में बने बूथ में अपना वोट डाला।  
 
कांग्रेस के नए अध्यक्ष के चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी मतदान किया। इससे पहले अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी व प्रियंका गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय पर अपना वोट डाला। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान करने के बाद सोनिया गांधी ने पत्रकारों से कहा, मुझे इस दिन का लंबे समय से इंतजार था। 
 
कांग्रेस अध्यक्ष पद के मजबूत उम्मीदवार माने जा रहे वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने बेंगलुरू में अपना वोट डाला।  राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव आज 22 साल बाद हो रहा है। आज ऐतिहासिक दिन है। यह चुनाव पार्टी में आंतरिक सद्भाव का संदेश देता है। गांधी परिवार से मेरे संबंध 19 अक्टूबर के बाद भी वही रहेंगे। 
 
बता दें कि कांग्रेस के करीब नौ हजार से अधिक निर्वाचक (डेलीगेट) आज यानी सोमवार को पार्टी प्रमुख चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। कांग्रेस मुख्यालय में पहला वोट पी. चिदंबरम ने डाला।
Advertisement

मतदान एआईसीसी मुख्यालय के अलावा देशभर के 65 से अधिक मतदान केंद्रों में हो रहा है। कांग्रेस पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए मतदान हो रहा है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए अब तक 1939, 1950, 1977, 1997 और 2000 में चुनाव हुए हैं। पूरे 22 वर्षों के बाद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहा है। बता दें कि चुनाव के परिणाम की घोषणा 19 अक्टूबर को की जाएगी।

पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के यहां एआईसीसी मुख्यालय में मतदान करने की उम्मीद है। वहीं, राहुल गांधी कर्नाटक के संगनाकल्लू में बल्लारी में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शिविर में लगभग 40 अन्य ‘भारत यात्रियों’ के साथ मतदान करेंगे।

थरूर अपना मत तिरुवनंतपुरम में केरल कांग्रेस मुख्यालय में डालेंगे, जबकि खरगे बेंगलुरु में कर्नाटक कांग्रेस कार्यालय में मतदान करेंगे। थरूर ने निर्वाचकों से ‘‘बदलाव अपनाने’’ का साहस दिखाने का आह्वान करते हुए रविवार को कहा था कि वह जिन बदलावों के बारे में सोच रहे हैं उनमें पार्टी के ‘‘मूल्यों’’ में कोई बदलाव नहीं होगा केवल लक्ष्य पाने के तरीकों में परिवर्तन आएगा।

थरूर ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा था, ‘‘हमारे जैसे बड़े संगठन में बदलाव को लेकर चिंताएं स्वाभाविक हैं, इसलिए मैं सीधे तौर पर इस पर ध्यान केंद्रित करना चाहता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले कुछ दिन में हमने जो बातचीत की हैं, मैंने महसूस किया कि आपमें से कई ने अभी तक अपना मन नहीं बनाया है (कि किसे वोट देना है)। मेरा मानना है कि मेरा विकेंद्रीकरण, आधुनिकीकरण और समावेश का संदेश आपको प्रभावित कर सकता है, लेकिन फिर भी आपके मन में परिवर्तन को लेकर चिंताएं और संकोच हैं।’’

वहीं, खड़गे ने रविवार को कहा था कि अगर वह अध्यक्ष बनते हैं तो उन्हें पार्टी के मामलों में गांधी परिवार की सलाह और सहयोग लेने में कोई झिझक नहीं होगी, क्योंकि उस परिवार ने काफी संघर्ष किया है और पार्टी के विकास में बड़ा योगदान दिया है।

खड़गे ने उनके अध्यक्ष बनने पर ‘रिमोट कंट्रोल’ गांधी परिवार के पास होने के सवाल पर कहा था , ‘‘वे (विपक्षी दल) ऐसी बातें कहते रहते हैं क्योंकि कहने के लिए और कुछ नहीं है। भाजपा इस तरह के अभियान में शामिल है और अन्य लोग इसका अनुसरण करते हैं। सोनिया गांधी ने संगठन में 20 साल तक काम किया है। राहुल गांधी भी अध्यक्ष थे। उन्होंने पार्टी के लिए संघर्ष किया है और इसकी उन्नति के लिए अपनी ताकत लगाई है।’’

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress presidential polls, Voting, AICC chief, Mallikarjun Kharge, Shashi Tharoor
OUTLOOK 17 October, 2022
Advertisement