Advertisement
03 April 2019

कांग्रेस की एक और लिस्ट जारी, सुबोधकांत को रांची और सीजे चावड़ा को गांधीनगर से मिला टिकट

मंगलवार देर रात कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए 20 और उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। कांग्रेस द्वारा जारी इस सूची में पंजाब से छह उम्मीदवार, गुजरात से चार उम्मीदवार, झारखंड से तीन उम्मीदवार, ओडिशा और कर्नाटक से दो -दो प्रत्याशी तथा हिमाचल और दादरा नगर हवेली से और चंडीगढ़ से एक-एक उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।

कांग्रेस ने इस बार चंडीगढ़ से मनीष तिवारी के बदले यूपीए सरकार में पूर्व रेल मंत्री रहे पवन कुमार बंसल को चंडीगढ़ सीट से प्रत्याशी बनाया है। वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी और पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर को पटियाला से प्रत्याशी बनाया गया है। इनके अलावा सुनील जाखड़ को गुरदासपुर, गुरतीज सिंह को अमृतसर, रवनीत सिंह बिट्टू को लुधियाना और संतोष सिंह चौधरी को जालंधर से फिर प्रत्याशी बनाया गया है।

शाह के खिलाफ सीजे चावड़ा लड़ेंगे चुनाव

Advertisement

इसमें गुजरात की गांधीनगर सीट से अमित शाह के खिलाफ सीजे चावड़ा को टिकट दिया गया है। चावड़ा अभी उत्तर गांधीनगर सीट से विधायक हैं। वहीं, जामनगर सीट से हार्दिक पटेल की जगह मुरुभाई कंडोरिया को उम्मीदवार बनाया गया है। हार्दिक हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए थे। माना जा रहा था कि कांग्रेस उन्हें जामनगर सीट से टिकट दे सकती है। हालांकि, हार्दिक को मेहसाणा दंगा मामले में सुनाई गई दो साल की सजा गुजरात हाईकोर्ट ने बरकरार रखी है, इसके बाद चुनाव लड़ने की उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया।

रांची से लड़ेंगे सुबोध कांत सहाय

कांग्रेस ने होशियारपुर से राज कुमार छब्बेवाल को उम्मीदवार बनाया है। हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा सीट ने पार्टी ने पवन काजल को उम्मीदवार बनाया है। झारखंड की रांची लोकसभा सीट से पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय को मैदान में उतारा है।

ओडिशा विधानसभा के लिए लिस्ट जारी

वहीं कांग्रेस ने ओडिशा में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी भी शुरू कर दी है। कांग्रेस ने ओडिशा विधानसभा के लिए 9 उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress, releases list of 20 candidates, loksabha elections 2019, lok sabha elections
OUTLOOK 03 April, 2019
Advertisement