Advertisement
22 August 2018

राफेल डील को लेकर चिट्ठी के बाद अनिल अंबानी ने कांग्रेस को भेजा लीगल नोटिस

File Photo

 राफेल डील पर कांग्रेस पार्टी और अनिल अंबानी के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। अंबानी ने कांग्रेस प्रवक्ता जयवीर शेरगिल को कानूनी नोटिस भेजा है। इससे पहले अनिल अंबानी राहुल गांधी को दो चिट्ठी भेज चुके हैं। नोटिस में कहा गया है कि बिना किसी सबूत के ही उनकी कंपनी का नाम बार-बार इस विवाद में घसीटा जा रहा है। अगर उनके पास सबूत हैं तभी बोले अन्यथा चुप रहें।

नोटिस में अनिल अंबानी ने रणदीप सुरजेवाला, संजय निरुपम, अभिषेक मनु सिंघवी, अशोक चव्हाण और अन्य नेताओं पर गलत तथ्य सामने रखने का आरोप लगाया है। इसमें कहा गया है कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं के पास बोलने की आजादी है। लेकिन तथ्यहीन और गुमराह करने वाली बातें न बोलें। ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस पार्टी मेरे संस्थान के खिलाफ एक कैंपेन चला रही है।

कांग्रेस का यह है आरोप

Advertisement

कांग्रेस का आरोप है कि यूपीए सरकार ने जिस विमान की डील की थी, उसी विमान को मोदी सरकार तीन गुना कीमत में खरीद रही है। इस नई डील में किसी भी तरह की टेक्नोलॉजी के ट्रांसफर की बात नहीं हुई है। पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी के मुताबिक यूपीए सरकार की डील के अनुसार, 126 में से 18 एयरक्राफ्ट ही फ्रांस में बनने थे बाकी सभी एचएएल के द्वारा भारत में बनने थे।

राहुल को लिखा था पत्र

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से उठाए जा रहे राफेल डील मुद्दे पर आरोपों पर जवाब देते हुए सोमवार को अनिल अंबानी ने उन्हें एक पत्र लिखा था। पत्र में उन्होंने लिखा कि कुछ कॉरपोरेट विरोधी इस मुद्दे पर अपने दुर्भावनापूर्ण निहित स्वार्थों के चलते कांग्रेस पार्टी को गुमराह कर रहे हैं। पत्र में उन्होंने लिखा कि राफेल डील के बारे में गलत जानकारी दी जा रही हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress, Spokesperson, Jaiveer Shergil, legal notice, Anil Ambani, Reliance
OUTLOOK 22 August, 2018
Advertisement