Advertisement
27 January 2021

ट्रैक्टर परेड हिंसा पर कांग्रेस ने केंद्र पर साधा निशाना, कहा- खुफिया तंत्र की नाकामी, गृहमंत्री को बर्खास्त करें

FILE PHOTO

गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला है। कांग्रेस ने इसके लिए देश के गृहमंत्री अमित शाह को जिम्मेदार ठहराया है और इसे खुफिया तंत्र की नाकामी बताया है। कांग्रेस ने मांग कि अमित शाह को गृह मंत्री के पद से तत्काल हटा दिया जाना चाहिए। उन्हें एक पल भी अपने पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है।

कांग्रेस पार्टी के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रेस वार्ता में कहा कि दिल्ली में उपद्रव को रोकने में असफल रहे गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर दिल्ली पुलिस उन उपद्रवियों पर मुकदमा दर्ज करने की बजाय संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं पर मुकदमा दर्ज कर रही है। यह भाजपा सरकार की साजिश को साबित करता है।

उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में राजधानी दिल्ली में हिंसा की यह दूसरी घटना है। दिल्ली में किसान आंदोलन की आड़ में हुई सुनियोजित हिंसा और और अराजकता के लिए सीधे-सीधे गृह मंत्री जिम्मेदार हैं। खुफिया इनपुट के बावजूद हिंसा को रोक पाने की नाकामी के चलते उन्हें एक पल भी पद पर बने रहने का हक नहीं है.

Advertisement

अमित शाह को तत्काल बर्खास्त किए जाने की मांग करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करते हैं तो यह साबित होगा कि वह अमित शाह को संरक्षण दे रहे हैं।उपद्रवियों को लाल किले में प्रवेश करने की अनुमति दी गई थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 27 January, 2021
Advertisement