Advertisement
08 June 2024

कांग्रेस की सीडब्ल्यूसी और संसदीय दल की बैठक आज, नतीजों पर होगा मंथन; विपक्ष के नेता के नाम पर लग सकती है मुहर

कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) और पार्टी संसदीय दल की बैठकें शनिवार को होंगी जिनमें मुख्य रूप से लोकसभा चुनाव में पार्टी के अच्छे प्रदर्शन पर चर्चा की जाएगी। कार्य समिति की बैठक सुबह 11 बजे से होगी और शाम साढ़े पांच बजे संसदीय दल की बैठक बुलाई गई है। बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत अन्य सदस्य शामिल होंगे।

संसदीय दल की बैठक में लोकसभा के नवनिर्वाचित सदस्य और राज्यसभा के सदस्य शामिल होंगे। इस बैठक में लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता के चुनाव पर भी विचार हो सकता है। लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल का नेता ही नेता प्रतिपक्ष होगा।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की कल की बैठकों का कार्यक्रम इस प्रकार है। पूर्वाह्न 11 बजे होटल अशोक में विस्तारित कांग्रेस कार्य समिति की बैठक होगी। उसके बाद दोपहर करीब एक बजे प्रेस वार्ता होगी। शाम 5:30 बजे संसद (संविधान सदन) के केंद्रीय कक्ष में सभी नवनिर्वाचित लोकसभा सदस्यों और राज्यसभा सदस्यों की कांग्रेस संसदीय दल की बैठक होगी।’’

Advertisement

उन्होंने बताया कि होटल अशोक में विस्तारित सीडब्ल्यूसी और सीपीपी सदस्यों के लिए रात्रिभोज भी रखा गया है। कांग्रेस ने इस लोकसभा चुनाव में 99 सीट जीती हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में पार्टी ने 52 सीट जीती थीं।

बैठक में सोनिया गांधी को फिर से कांग्रेस संसदीय दल का अध्यक्ष चुना जा सकता है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस लोकसभा में अपने नेता का नाम तय करेगी और राहुल गाधी के इस महत्वपूर्ण पद को संभालने की मांग उठने लगी है। राहुल गांधी ने वायनाड और रायबरेली दोनों सीट से लोकसभा चुनाव जीता था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress's CWC, Parliamentary Party meeting, today, results, discussed; name of opposition leader, finalised
OUTLOOK 08 June, 2024
Advertisement