Advertisement
23 April 2018

महाभियोग पर तकरार, शाह-संबित और मीनाक्षी के निशाने पर राहुल

सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा पर विपक्ष की ओर से लाए गए महाभियोग प्रस्ताव के खारिज होने के बाद इस पर बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ खुलकर विरोध जता रही है। पार्टी ने इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने का भी निर्णय लिया है। इसके अलावा सोमवार को राहुल गांधी ने संविधान बचाओ अभियान की शुरुआत कर भाजपा सरकार पर कई आरोप लगाए हैं।

इन दोनों मसलों को लेकर भाजपा की ओर से भी पलटवार किया जा रहा है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से लेकर संबित पात्रा और मीनाक्षी लेखी तक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को निशाने पर ले रहे हैं।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने संविधान की भावना को खत्म करने का काम किया है जो लोकतंत्र के बजाए वंशवाद का शासन कायम रखना चाहती है और इसके लिये कांग्रेस अध्यक्ष फर्जी अभियान चला रहे हैं।

Advertisement

भाजपा अध्यक्ष ने ट्वीट किया, ‘‘ संविधान से निकली हमारी संस्थाओं को आज कांग्रेस के हमलों से बचाये जाने की जरूरत है। कांग्रेस पार्टी ने किसी भी संस्थान को निशाना बनाना नहीं छोड़ा और वह क्षुद्र राजनीतिक फायदे के लिये चुनाव आयोग, उच्चतम न्यायालय, सेना को निशाना बना रही है।’’

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बार बार यह कह कर डा. अंबेडकर को अपमानित करने की पारिवारिक परंपरा को ही आगे बढ़ा रहे हैं कि कांग्रेस ने संविधान बनाया है। नेहरू..गांधी परिवार ने उन्हें तब अपमानित किया जब वे जीवित थे और अब भी पार्टी उनका अपमान कर रही है।

अमित शाह ने कहा कि अगर कोई एक पार्टी है जिसने संविधान की भावना को खत्म किया है, तो वह कांग्रेस है। वह लोकतंत्र का शासन नहीं चाहती बल्कि वंशवाद के शासन को कायम रखना चाहती है और इसलिये उसके अध्यक्ष का यह फर्जी आंदोलन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ‘संविधान बचाओ’ अभियान लोकतंत्र के शासन पर वंशवाद के शासन को कायम रखने की चाल है ।

शाह ने कहा कि प्रधान न्यायाधीश पर महाभियोग का कांग्रेस का कदम हर उस संस्थान को कमजोर करने की प्रवृति का हिस्सा है जो अपनी वैयक्तिक पहचान को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए प्रयासरत है।

अमित शाह ने राहुल के भाषण पर कहा कि जिन्हें सेना, उच्चतम न्यायालय, चुनाव आयोग, ईवीएम, आरबीआई पर विश्वास नहीं है, वे अब कह रहे हैं कि लोकतंत्र खतरे में है।

इससे पहले राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर उच्चतम न्यायालय को दबाने और संसद को ठप करने का आरोप लगाया था।

मीनाक्षी का कटाक्ष

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, वहीं मीनाक्षी लेखी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास लोकतंत्र के संस्थानों को चोट पहुंचाने का लंबा इतिहास है। कानून के शासन को राजवंश के शासन से गुमराह नहीं किया जा सकता है।

यह देश एक परिवार का नहीं: संबित पात्रा

पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा है कि संविधान बचाओ के बहाने राहुल गांधी अपनी बौखलाहट सामने ला रहे हैं। यह देश एक परिवार का नहीं है। यह जनता का है। आंबेडकर ने देश को संविधान दिया। इसका श्रेय कांग्रेस को देने के लिए राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Controversy, CJI impeachment, Rahul, target, Shah, sambit, Meenakshi
OUTLOOK 23 April, 2018
Advertisement