Advertisement
28 June 2018

राहुल ने दिल्ली में विकास के लिए पेड़ काटने को बताया पागलपन

राहुल ने दिल्ली में विकास के लिए पेड़ काटने को बताया पागलपन | file photo

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में विकास के लिए पेड़ों को काटने को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने पेड़ों को काटे जाने को पागलपन बताया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि भाजपा ने आप की सहमति से पिछले चार साल में दिल्ली में हजारों पेड़ काट डाले।

उन्होंने कहा कि यहां तक कि बच्चे भी जानते हैं कि हमारे अस्तित्व के लिए पेड़ कितने महत्वपूर्ण हैं और इनकी जगह कोई नहीं ले सकता। उन्होंने सभी लोगों को इसके खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस पागलपन (पेड़ों की कटाई) के खिलाफ कांग्रेस का साथ दीजिए और एकजुट होकर संघर्ष कीजिए।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय भवन निर्माण निगम (एनबीसीसी) की कुछ परियोजनाओं के लिए करीब 16,500 पेड़ काटे जाने की योजना थी, लेकिन दिल्ली हाइकोर्ट ने इस पर रोक लगा दी थी। उल्लेखनीय है कि पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने एनबीसीसी पर आरोप लगाया है कि कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करते हुए परियोजना स्थल पर अभी भी पेड़ काटे जा रहे हैं। हालांकि एनबीसीसी ने इससे इनकार किया है। 

Advertisement

ये पेड़ सरोजनी नगर, नौरोजी नगर, नेताजी नगर, मोहम्मदपुर, कस्तूरबा नगर, श्रीनिवासपुरी और त्यागी नगर में काटे जाने हैं। इन पेड़ों को काटने के खिलाफ लोगों ने चिपको आंदोलन भी चलाया है।

TAGS: Rahul Gandhi, congress, Cutting, trees, development, Delhi, Madness
OUTLOOK 28 June, 2018
Advertisement