Advertisement
08 July 2019

कर्नाटक संकट पर राजनाथ का तंज- हमारा कोई हाथ नहीं, इस्तीफों की शुरुआत राहुल गांधी ने की

File Photo

कर्नाटक में एचडी कुमारस्वामी सरकार पर संकट का मामला आज लोकसभा में भी उठा। सदन में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बीजेपी पर राज्य सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगाया। जवाब में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साफ किया कि कर्नाटक में जो कुछ भी हो रहा है, उसमें उनकी पार्टी का कोई हाथ नहीं है। राजनाथ ने कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे के बहाने राहुल गांधी पर तंज भी कसा और कहा इस्तीफे की शुरुआत की तो राहुल ने की थी।

हम लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने को प्रतिबद्ध

चौधरी के आरोपों का जवाब देते हुए सदन में उपनेता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साफ किया कि उनकी पार्टी का कर्नाटक के घटनाक्रम से कोई लेनादेना नहीं है। उन्होंने कहा, 'हमारा इतिहास रहा है कि किसी प्रकार का प्रलोभन देकर हमने दल-बदल कराने की कोशिश नहीं की है। संसदीय लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखने के लिए हमलोग पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।'

Advertisement

कर्नाटक में कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे के बहाने राजनाथ ने वायनाड से सांसद राहुल गांधी पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा, 'त्यागपत्र दिलाने का सिलसिला हमलोगों ने प्रारंभ नहीं करवाया है। कांग्रेस में राहुल गांधी ने त्यागपत्र दिलवाने का सिलसिला शुरू किया है। एक-एक दिग्गज नेता त्यागपत्र देने का काम कर रहे हैं। त्यागपत्र का सिलसिला तो लगातार चल रहा है। इसमें भारतीय जनता पार्टी का कोई लेनादेना नहीं है।' जब राजनाथ सिंह राहुल पर तंज कस रहे थे तब वायनाड के सांसद सदन में मौजूद थे।

कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया लोकतंत्र की हत्या का आरोप

लोकसभा में चौधरी ने कर्नाटक के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे बीजेपी का हाथ है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है। चौधरी ने कहा, 'एमपी, कर्नाटक जहां हमारी सरकार है, ये सरकार को तोड़ने के लिए ये दल बदलू की हरकत करवा रहे हैं। ये सरकार गुप्त तरीके से साजिश रच रही है। ये इनको पसंद नहीं है कि विपक्ष की सरकार कहीं रहे। ये चिंता की बात है। हमारे पार्टी के विधायकों को मुंबई को आलीशान होटल में रखा जा रहा है।'

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Defence Minister, Rajnath Singh, Lok Sabha, Karnataka
OUTLOOK 08 July, 2019
Advertisement