Advertisement
08 February 2025

दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे एक ‘झटके’ की तरह, भाजपा के खिलाफ ‘आप’ की लड़ाई जारी रहेगी: आतिशी

दिल्ली की मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी ने शनिवार को विधानसभा चुनाव के जनादेश को स्वीकार करते हुए चुनाव परिणामों को एक ‘‘झटके’’ की तरह बताया, लेकिन भाजपा के खिलाफ पार्टी का संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

भाजपा ने राष्ट्रीय राजधानी में ‘आप’ को हराकर एक बड़ी जीत हासिल की है और वह 26 वर्षों से अधिक समय के बाद दिल्ली में सरकार बनाने के लिए तैयार है।

आतिशी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘सबसे पहले मैं दिल्ली की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करती हूं, जो मजबूती से डटे रहे। हम जनादेश को स्वीकार करते हैं। भाजपा की ‘तानाशाही’ और ‘गुंडागर्दी’ के खिलाफ जंग जारी रहेगी। चुनाव परिणाम एक झटके की तरह है, लेकिन दिल्ली और देश की जनता के लिए आम आदमी पार्टी की लड़ाई जारी रहेगी।’’

Advertisement

अपने समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए ‘आप’ नेता ने कहा, ‘‘मैं उन लोगों का आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। मैं अपनी टीम का भी आभार व्यक्त करती हूं, जिसने सभी चुनौतियों का सामना किया और हमारा संदेश जनता तक पहुंचाया। मैंने अपनी सीट पर जीत दर्ज की है, लेकिन यह जश्न मनाने का समय नहीं है, बल्कि यह संघर्ष का समय है। भाजपा की तानाशाही के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।’’

कालकाजी सीट पर आतिशी का मुकाबला भाजपा के रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अलका लांबा से था।

 उन्होंने कहा कि ‘आप’ ने हमेशा अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी है और आगे भी लड़ती रहेगी।

TAGS: Delhi assembly election results, 'shock', AAP's fight, BJP, Atishi
OUTLOOK 08 February, 2025
Advertisement