डेंगू और चिकनगुनिया : दिल्ली से भाजपा नेता भी हैंं बाहर
इस बीच दिल्ली की जनता से सीधे जुड़े भाजपा के तीन जनप्रतिनिधि भी विदेश में हैं। इनमें से एक सांसद, एक विधायक के साथ नगर निगम उत्तरी के महापौर भी शामिल हैं। महापौर संजीव नैयर नीदरलैंड में ग्लोबल पार्लियामेंट ऑफ मेयर की कांफ्रेंस में भाग लेने गए थे। तीन दिवसीय कांफ्रेंस 11 सितंबर को समाप्त हो गई। जबकि वे नीदरलैंड का भ्रमण कर रहे हैं। उन्होंने 19 सितंबर तक के लिए अपनी छुट्टियां बढ़ा ली हैं।
चांदनी चौक क्षेत्र से सांसद डॉ. हर्षवर्धन केंद्र सरकार में मंत्री हैं। दिल्ली के जल मंत्री कपिल मिश्रा का कहना है कि सांसद हर्षवर्धन अपना क्षेत्र छोड़ कई दिन से जर्मनी में थे। अब लौटे हैं। भाजपा के ही दूसरे सांसद मनोज तिवारी भी जनता को डेंगू चिकनगुनिया के बीच जूझता छोड़कर सिंगापुर रवाना हो गए हैं।
उन्होंने दिल्ली सरकार द्वारा मच्छरों को रोकने के लिए शुरू किए गए अभियान में एक दिन ही हिस्सा लिया था। मगर बताया जा रहा है कि भाजपा की ओर से इसके लिए उन्हें कड़ी फटकार लगी है। वहीं दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता 10 सितंबर से आयरलैंड में छुट्टियां बिता रहे हैं।