Advertisement
21 January 2025

क्या भाजपा शासन के दौरान दुष्कर्म नहीं हुए?: सिद्धारमैया

क्या भाजपा शासन के दौरान दुष्कर्म नहीं हुए?: सिद्धारमैया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मंगलवार को आश्चर्य जताते हुए सवाल उठाया कि क्या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासन के दौरान दुष्कर्म की घटनाएं नहीं हुईं?

बेंगलुरु स्थित के.आर. मार्केट में रविवार को एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद मुख्यमंत्री राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने के भाजपा के आरोप का जवाब दे रहे थे।

येलहंका जाने वाली बस का इंतजार कर रही पीड़िता के साथ दो लोगों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया और इस सिलसिले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

Advertisement

बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त बी. दयानंद ने पत्रकारों को बताया, ‘‘घटना एसजे पार्क में हुई। जबरन वसूली और यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायत है। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।’’

बेलगावी में पत्रकारों से बात करते हुए इस संबंध में भाजपा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सिद्धारमैया ने सवालिया अंदाज में कहा, ‘‘क्या भाजपा शासन के दौरान दुष्कर्म नहीं हुए?’’ हालांकि उन्होंने कहा कि दुष्कर्म नहीं होने चाहिए और महिलाओं की सुरक्षा होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘समाज में असामाजिक तत्व ऐसी हरकतें करते हैं। हम उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।’’

भाजपा ने मंगलवार को गृह मंत्री जी. परमेश्वर के इस्तीफे की मांग करते हुए दावा किया कि लूट, हत्या, दुष्कर्म और समाज के कमजोर वर्गों पर अत्याचार जैसे अपराध अचानक बढ़ गए हैं।

TAGS: BJP rule, Siddaramaiah
OUTLOOK 21 January, 2025
Advertisement