Advertisement
29 September 2016

यूपी में टिकट बंटवारे पर भाजपा और संघ में अनबन

गूगल

बुधवार को मथुरा के दीनदयाल धाम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और आरएसएस के सर सह कार्यवाह दत्रातेय होसबोले के बीच इस मुद्दे पर करीब एक घंटे चली मीटिंग में हालांकि कुछ सीटों पर सहमति बनने की बात कही जा रही है और दीपावली से पहले प्रत्याशियों के नामों की पहली सूची जारी की जा सकती है। नवरात्र में पहली सूची नहीं आने के पीछे भाजपा और संघ के बीच प्रत्याशियों के चयन को लेकर मनमुटाव बताया जा रहा है। कुछ सीटों पर पार्टी द्वारा चुने गए उम्मीदवारों के खिलाफ संघ की नाराजगी का मामला हाईकमान पहुंच गया है। संघ के स्‍थानीय नेताओं का कहना है कि कई सीटों पर ऐसे लोगों को प्रत्याशी बनाने की कवायद हो रही है जो संगठन के प्रति निष्ठावान नहीं है। संघ से उनका कभी कोई वास्ता नहीं रहा है।
बुधवार को इस मसले में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, आरएसएस के सर सह कार्यवाह दत्रातेय होसबोले, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) रामलाल, राष्ट्रीय सहमहामंत्री (संगठन) शिवप्रकाशऔर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के बीच दीनदयाल धाम में मंथन चला। इस मीटिंग को हालांकि पार्टी के लोग केवल चाय पार्टी बता रहे हैं लेकिन सूत्रों का कहना है कि जिन सीटों पर प्रत्याशियों के चयन को लेकर घमासान मचा है उन पर सहमति बनाने की कोशिश की गई है। इनमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश, ब्रज क्षेत्र, अवध और बुंदेलखंड की सीटें हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि करीब 100 सीटों पर प्रत्याशी तय कर लिए गए हैं। दीपावली से पहले इनके नाम का एलान हो जाएगा। 

TAGS: भाजपा, संघ, यूपी, टिकट बंटवारा, अमित शाह, दत्तात्रेय होसबोले
OUTLOOK 29 September, 2016
Advertisement