Advertisement
23 September 2022

दिग्विजय सिंह ने दिया सभी अटकलों को विराम, कहा- "वह अध्यक्ष पद की रेस में नही हैं"

वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष पद के लिए अपने नामांकन की अटकलों पर शुक्रवार को विराम लगा दिया। जबलपुर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता ने कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव नहीं लड़ेंगे। लेकिन पार्टी के उच्च अधिकारियों द्वारा उन्हें दिए गए निर्देश का पालन करेंगे।

वहीं, आज राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को अपनी उम्मीदवारी की पुष्टि की। गहलोत ने बताया कि राहुल गांधी ने यह स्पष्ट कर दिया है, "गांधी परिवार का कोई भी सदस्य" अगला पार्टी प्रमुख नहीं बनेगा।

इसके साथ ही राजस्थान कैबिनेट में भी फेरबदल की उम्मीद की जाने लगी है, क्योंकि अगर गहलोत पार्टी प्रमुख का पद संभालते हैं, तो उन्हें अपने सीएम पद से इस्तीफा देना होगा। राहुल गांधी ने गुरुवार को स्पष्ट किया था कि ‘एक व्यक्ति के लिए केवल एक पद’ होगा। ऐसे में कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि राजस्थान में सचिन पायलट की पदोन्नति हो सकती है

Advertisement

पिछले दिनों मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष के पद को एक ‘वैचारिक पद’ बताया था। राहुल गांधी ने कहा था कि यह पद "विचारों और विश्वास प्रणाली एवं भारत के दृष्टिकोण के एक समूह का प्रतिनिधित्व करता है"।

इस बीच, दिग्विजय सिंह द्वारा अध्यक्ष पर के नामांकन से इनकार के बाद, अध्यक्ष पद के शीर्ष दावेदार अशोक गहलोत और शशि थरूर के बीच कड़े मुकाबले की संभावना है। अशोक गहलोत को गांधी परिवार का करीबी माना जाता है। जबकि शशि थरूर को जी–23 का प्रमुख नेता माना जाता है।

कांग्रेस के पार्टी प्रमुख पद के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू होगी और 30 सितंबर तक चलेगी। चुनाव 17 अक्टूबर को होना है और मतगणना 19 अक्टूबर को होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: DigVijay Singh, Congress President Polls, Congress
OUTLOOK 23 September, 2022
Advertisement