Advertisement
30 September 2022

दिग्विजय सिंह नहीं लड़ेंगे कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव, मल्लिकार्जुन खड़गे का बनेंगे प्रस्तावक

कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव दिन पर दिन दिलचस्प होता जा रहा है। पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने को लेकर लगातार नए ट्विस्ट एंड टर्न्स सामने आ रहे हैं। इस पद के लिए सबसे मजबूत उम्मीदवार माने जा रहे राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पहले ही चुनाव लड़ने से मना कर चुके हैं। अब मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मैंने मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की और कहा कि अगर आप फॉर्म भर रहे हैं तो मैं आपके साथ हूं। मैंने साफ कहा कि आपके खिलाफ लड़ने की मैं सोच भी नहीं सकता हूं। इसलिए मैंने अब तय किया है कि उनका प्रस्तावक बनूंगा। वहीं, पार्टी के असंतुष्ट गुट के नेता शशि थरूर चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी में हैं। आज ही शशि थरूर के भी नामांकन करने की संभावना है।

दिग्विजय सिंह कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मैं तीन बातों पर समझौता नहीं करता। पहला गरीब, दलित और आदिवासी के हित। इसके अलावा सांप्रदायिकता के खिलाफ संघर्ष। तीसरा विषय यह है कि मैं गांधी-नेहरू परिवार के प्रति वफादार हूं।

दिग्विजय ने कहा, 'मैंने मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की और कहा कि अगर आप फॉर्म भर रहे हैं तो मैं आपके साथ हूं। मैंने साफ कहा कि आपके खिलाफ लड़ने की मैं सोच भी नहीं सकता हूं। इसलिए मैंने अब तय किया है कि उनका प्रस्तावक बनूंगा।'

Advertisement

वहीं, न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि कांग्रेस जी-23 का कोई नेता कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं करेगा।

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उन्होंने बताया कि वह और पी एल पुनिया उनकी उम्मीदवारी के प्रस्तावक होंगे और गुरुवार को नामांकन पत्र लेने वाले दिग्विजय सिंह संभवत: चुनाव नहीं लड़ेंगे।

प्रमोद तिवारी ने कहा कि बीजेपी अपनी आंख खोलो और देखो की कांग्रेस में चुनाव होता है आपके यहां नहीं होता...दिग्विजय सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और उन्होंने निर्णय लिया है कि वे खड़गे जी के प्रस्तावक बनेंगे। उनको मैं प्रणाम करता हूं। गांधी परिवार ने इस चुनाव में कुछ दखल नहीं दिया।

कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष एम मिस्त्री ने कहा, 'पार्टी अध्यक्ष पद को लेकर चुनाव कराने के लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं। कोई भी व्यक्ति आज सुबह 11 बजे और दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन फॉर्म जमा कर सकता है। दिग्विजय सिंह के करीब 11:30 बजे फॉर्म जमा करने की उम्मीद है। वहीं, थरूर दोपहर के आसपास यहां आएंगे।'

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करने से पहले कांग्रेस सांसद शशि थरूर आज दिल्ली के राज घाट पहुंचे। उन्होंने कहा, 'जब आप एक दौड़ में शामिल होते हैं, तो जानते हैं कि नतीजे अनिश्चित हैं लेकिन इस विश्वास के साथ आगे बढ़ते हैं कि आप बेहतर करेंगे।'

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने खड़गे को लेकर कहा कि जब वे (मल्लिकार्जुन खड़गे) अपना नामांकन दाखिल करेंगे तब मैं उस पर कुछ कह सकुंगा। वे पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और मेरा उनके साथ बहुत अच्छे संबंध हैं। जब आप किसी दौड़ में हिस्सा लेते हैं तो आप पूरे आत्मविश्वास के साथ दौड़ते हैं।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरूवार को चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की थी। इसके बाद सिंह ने चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करते हुए नामांकन पत्र के 10 ‘सेट’ लिए थे। कांग्रेस के ‘एक व्यक्ति, एक पद’ नियम के तहत गहलोत से चुनाव लड़ने के लिए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने को कहा गया था।

अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के यहां स्थित मुख्यालय के प्रांगण में एक तंबू लगाया गया है, जहां पार्टी के नेता पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं।कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मतदान 17 अक्टूबर को होगा और इसके परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Digvijay Singh, Congress President Election, Mallikarjun Kharge, Proposer, Shashi Tharoor
OUTLOOK 30 September, 2022
Advertisement