Advertisement
31 March 2023

विदेश से समर्थन की जरूरत नहीं: सिब्बल ने दिग्विजय के जर्मनी का आभार जताने पर कहा

राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराने का संज्ञान लेने के लिए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा जर्मनी का आभार जताए जाने के एक दिन बाद राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने शुक्रवार को कहा, ‘‘हमें विदेश से समर्थन की जरूरत नहीं है, क्योंकि हमारी लड़ाई हमारी अपनी है।’’

दिग्विजय से असहमति जताते हुए सिब्बल ने यह भी कहा, ‘‘हमें आगे चलने के लिए बैसाखियों की जरूरत नहीं है।

संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के पहले और दूसरे कार्यकाल के दौरान केंद्रीय मंत्री रहे सिब्बल ने पिछले साल मई में कांग्रेस छोड़ दी थी और समाजवादी पार्टी (सपा) के समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे।

Advertisement

दिग्विजय ने राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराने का संज्ञान लेने के लिए जर्मनी के विदेश मंत्रालय और अंतरराष्ट्रीय प्रसारणकर्ता ‘डॉयचे वैले’ के मुख्य अंतरराष्ट्रीय संपादक रिचर्ड वाकर का आभार जताया था।

सिब्बल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘दिग्विजय सिंह : ‘भारत में लोकतंत्र से किस तरह खिलवाड़ किया जा रहा है, इसका संज्ञान लेने के लिए बर्लिन का शुक्रिया।’ मेरी राय : हमें आगे चलने के लिए बैसाखियों की जरूरत नहीं है। हमें विदेश से समर्थन की जरूरत नहीं है। हमारी लड़ाई हमारी अपनी है और उसमें हम एक साथ हैं।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा जर्मनी को धन्यवाद दिए जाने के बाद विपक्षी पार्टी पर ‘भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप के लिए विदेशी ताकतों को आमंत्रित करने’ का आरोप लगाया था।

वहीं, कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा था कि उसका दृढ़ विश्वास है कि भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को अपने लोकतंत्र को उत्पन्न खतरों से खुद निपटना होगा। पार्टी ने भाजपा पर अडाणी मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Kapil Sibal, Congress leader Digvijaya Singh, 'thank you Germany' tweet, Rahul Gandhi's disqualification
OUTLOOK 31 March, 2023
Advertisement