Advertisement
29 April 2019

वंदे मातरम को लेकर दिए गए बयान पर गिरिराज सिंह को चुनाव आयोग का नोटिस

FILE PHOTO

चुनाव आयोग ने अल्‍पसंख्‍यक समुदाय की ओर इशारा करते एक बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को नोटिस जारी किया है और  उनसे 24 घंटे में जवाब मांगा है। गिरिराज सिंह बिहार की बेगूसराय सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं। वह पहले भी अपने कई बयानों के कारण विवादों के घेरे में आ चुके हैं। उनके सामने सीपीआई के टिकट पर कन्हैया कुमार चुनावी मैदान में हैं।

गिरिराज सिंह पर आरोप है कि उन्‍होंने 24 अप्रैल को बेगूसराय में एक जनसभा में कहा था, 'जो वंदे मातरम नहीं कह सकता वो मातृभूमि की पूजा नहीं कर सकता। हमारे बाप-दादा गंगा किनारे मरे और उन्‍हें कोई कब्र की जरूरत नहीं पड़ी, लेकिन आपको तीन हाथ जमीन चाहिए। अगर आप ऐसा नहीं करते तो देश माफ नहीं करेगा।' भाजपा नेता ने जब यह टिप्पणी की थी उस समय मंच पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और बिहार के उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी मौजूद थे।

दर्ज किया था केस

Advertisement

केंद्रीय मंत्री के इस भाषण के बाद इसे आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए बेगूसराय में एक केस दर्ज किया गया था। जिला निर्वाचन अधिकारी ने गिरिराज के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत एफआईआर दर्ज कराई। गिरिराज सिंह बिहार की बेगूसराय सीट से बीजेपी के कैंडिडेट हैं और वह पहले भी अपने कई बयानों के कारण विवादों के घेरे में आ चुके हैं।

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत बिहार में समस्तीपुर, बेगूसराय, मुंगेर, उजियारपुर और दरभंगा सीट पर आज मतदान हुआ।। बेगूसराय से भाजपा उम्मीदवार गिरिराज सिंह ने बड़हिया के बूथ संख्या 2 पर जाकर मतदान किया।

लेफ्ट का गढ़ रही है यह सीट

बेगूसराय में सीपीआई भले ही सिर्फ एक बार लोकसभा चुनाव जीत पाई है, जब 52 साल पहले 1967 में योगेंद्र शर्मा ने यहां लाल परचम लहराया था। लेकिन विधानसभा चुनावों में यह लेफ्ट का गढ़ रहा है। लालू प्रसाद यादव के उदय और बिहार में कुख्यात नरसंहारों के साथ जातिवादी राजनीति की जड़े जमने के बाद 90 के दशक के बाद यहां लेफ्ट का असर भी कम होता गया। 1995 तक तो बेगूसराय की 7 लोकसभा सीटों में से 5 पर लेफ्ट का कब्जा रहा। 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: EC, show, cause, notice, BJP, Giriraj Singh, grave, remark, lok sabha elections
OUTLOOK 29 April, 2019
Advertisement