Advertisement
16 April 2024

दिल्ली आबकारी नीति मामले में ईडी ने एक और गिरफ्तारी की

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में चनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने गोवा विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के कोष का कथित तौर पर ‘‘प्रबंधन’’ किया था। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

आम आदमी पार्टी (आप) ने आरोप लगाया कि ईडी की जांच ‘‘राजनीति से प्रेरित’’ है और एजेंसी इस मामले में एक भी रुपया बरामद करने या सबूत ढूंढने में असमर्थ है।

सूत्रों ने बताया कि सिंह को धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत हिरासत में लिया गया था।

ईडी द्वारा इस मामले में यह 17वीं गिरफ्तारी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस मामले में पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था और वह फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद हैं।

Advertisement

चनप्रीत सिंह को पहले इसी मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भी गिरफ्तार किया था। धन शोधन का मामला सीबीआई की प्राथमिकी पर आधारित है।

ईडी ने पूर्व में अदालत को सूचित किया था कि चनप्रीत सिंह ने 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान आप के लिए प्रचार करने वाले लोगों, सर्वेक्षणकर्ताओं, क्षेत्र प्रबंधकों, विधानसभा प्रबंधकों और अन्य लोगों के लिए नकद भुगतान का ‘‘प्रबंधन’’ किया था।

 

 

 

 

TAGS: ED, another arrest, Delhi Excise Policy case
OUTLOOK 16 April, 2024
Advertisement