Advertisement
24 May 2023

संजय सिंह के सहयोगियों के घर ईडी की छापेमारी, सांसद बोले- सत्ता का दुरुपयोग कर रही है केंद्र सरकार

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) नेता संजय सिंह के दो सहयोगियों के मुंबई में दिल्ली शराब नीति मामले में छापे मारने के बाद सिंह ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर रही है।

राज्यसभा सदस्य सिंह ने अडाणी-हिंडनबर्ग मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि वह ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में भ्रष्टाचार’ को उठाते रखेंगे। उन्होंने कहा, “मेरे सहयोगियों के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और ईडी के छापे पड़ रहे हैं। उन्हें जो करना है, वे करे।’’ सिंह मुंबई में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।

इससे पहले, सिंह ने ट्विटर पर एक वीडियो संदेश में कहा कि उनके दो सहयोगियों – अजीत त्यागी और सर्वेश मिश्रा के घर पर ईडी ने छापे मारे हैं।

Advertisement

आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेतागण दिल्ली में सेवाओं के नियंत्रण पर केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ अपनी लड़ाई के लिए समर्थन जुटाने की खातिर मुंबई में हैं।

सिंह ने कहा कि केंद्र ने सर्वोच्च अदालत की एक संवैधानिक पीठ के फैसले को एक अध्यादेश के जरिए पलट दिया ताकि दिल्ली की निर्वाचित सरकार की शक्तियों को कम किया जा सके। उन्होंने कहा, “यह दिखाता है कि संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने के प्रति मोदी सरकार की कोई प्रतिबद्धता नहीं है। वे संविधान, लोकतंत्र और न्यायपालिका में भरोसा नहीं करते हैं। वे केवल पैसे के बल पर सरकारों को गिराते हैं।”

सिंह ने कहा कि नए संसद भवन का उद्घाटन करने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को निमंत्रण नहीं दिया गया है और यह भारत के संवैधानिक प्रमुख और आदिवासियों का अपमान है। उन्होंने कहा, ‘‘इसीलिए हम उद्घाटन समारोह का बहिष्कार कर रहे हैं।’’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: ED raids, Sanjay Singh's associates, Central government, misusing power
OUTLOOK 24 May, 2023
Advertisement