Advertisement
28 April 2018

जन आक्रोश रैली के जरिए कांग्रेस करेगी 'मिशन 2019' का आगाज

File Photo

कांग्रेस जन आक्रोश रैली के जरिए 29 अप्रैल से ‘मिशन 2019’ का आगाज करने जा रही है। इस दिन राहुल गांधी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रैली को संबोधित करेंगे। नरेंद्र मोदी सरकार की नाकामियों पर हमला के साथ ही 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के अभियान की दिशा तय करेंगे। राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद दिल्ली में पहली बार कांग्रेस की बड़ी रैली होने जा रही है जिसके चलते रैली को कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के तौर भी पर देखा जा रहा है।

कांग्रेस रैली के जरिए दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, किसानों की आत्महत्या, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भाजपा को घेरेगी। गुजरात में नवसर्जन यात्रा को मिली कामयाबी के बाद राहुल गांधी कर्नाटक में ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। इसी से प्रेरणा लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के प्रमुख और अन्य दिग्गज नेता 29 अप्रैल के बाद अपनी अपनी यात्राओं पर निकलेंगे। रैली के राजनीतिक मायने भी लगाए जा रहे हैं। रैली को सफल बनाने के लिए कई कमेटियां बनाई गई हैं। भीड़ जुटाने के लिए आसपास के राज्यों से भी लोग दिल्ली पहुंचेंगे।

रैली को लेकर राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है, 'मोदी सरकार के चार साल-युवाओं को रोजगार नहीं, महिलाओं को सुरक्षा नहीं, किसानों को सही दाम नहीं,  दलितों-अल्पसंख्यकों को अधिकार नहीं हैं। इस निराशा से फैले आक्रोश को जाहिर करने के लिए कल सुबह रामलीला मैदान में ‘जन-आक्रोश रैली’ में शामिल हों। आपके सहयोग की अपेक्षा रहेगी।‘

दिल्ली के सियासी मानचित्र पर कांग्रेस की स्थिति काफी कमजोर है। दिल्ली की सात लोकसभा सीटों में कांग्रेस के पास कोई भी सीट नहीं है और न ही दिल्ली विधानसभा में भी कांग्रेस का कोई भी विधायक नहीं है। ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी के लिए आगामी लोकसभा चुनाव में कठिन चुनौती होगी। कांग्रेस को ये पता है कि भाजपा से मुकाबला करना है तो 24 घंटे सातों दिन की सक्रिय राजनीति  करनी होगी। ऐसे में कांग्रेस की भी कोशिश है कि कार्यकर्ता लोगों के बीच हर वक्त मौजूद रह कर काम करें ताकि कांग्रेस की खोए जनाधार को दोबारा वापस पाया जा सके।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: jan akrosh, rally, mission, 2019, congress, message
OUTLOOK 28 April, 2018
Advertisement