Advertisement
22 April 2019

भाजपा के पूर्व सांसद सुरेश चंदेल ने थामा कांग्रेस का दामन

FILE PHOTO

हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर लोकसभा सीट से भाजपा के सांसद रहे सुरेश चंदेल ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस का दामन थाम लिया।इस दौरान उनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष कुलदीप सिंह राठौर और प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल भी थीं।

कई दिन से उनके कांग्रेस में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे थे। हालाकि भाजपा के दिग्‍गज भी उन्‍हें मनाने की कोशिश कर चुके थे, लेकिन वह नहीं माने और कांग्रेस में शामिल हो गए। इससे पहले सुरेश चंदेल ने कांग्रेस के आला नेताओं अहमद पटेल और महासचिव केसी वेणुगोपाल से भी मुलाकात की थी। भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल होने वाले पंडित सुखराम के बाद दूसरे बड़े नेता हैं। चंदेल के कांग्रेस में जाने से हिमाचल भाजपा को अच्छा खासा नुकसान हो सकता है।

रह चुके हैं तीन बार सांसद

Advertisement

चंदेल का हमीरपुर संसदीय चुनाव क्षेत्र में अच्छा खासा प्रभाव रहा है। चंदेल हमीरपुर से तीन बार सांसद और 1998 से 2000 तक प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी रहे हैं। उनका इलाके के राजपूत वोटरों में अच्छा खासा जनाधार है। यही वजह है कि पिछले अरसे से यह कोशिश की जा रही थी कि चुनावों के दौरान चंदेल कांग्रेस में न जायें।

खासी अहम है हमीरपुर सीट

हिमाचल की हमीरपुर सीट अपने आप में खास अहमियत रखती है। यहां से भाजपा ने मौजूदा सांसद अनुराग ठाकुर को मैदान में उतारा है। अनुराग ठाकुर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बेटे हैं। अनुराग ठाकुर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष रह चुके हैं। चंदेल के कांग्रेस का दामन थाम लेने से अनुराग ठाकुर के लिये जरूर मुश्किल हालात हो सकते हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Former, BJP, MP, Hamirpur, Suresh Chandel, joined, Congress, Rahul Gandhi
OUTLOOK 22 April, 2019
Advertisement