Advertisement
18 January 2020

दिल्ली के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष योगानंद शास्त्री का कांग्रेस से इस्तीफा, लगाया यह आरोप

File Photo

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष योगानंद शास्त्री ने प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा के साथ मतभेदों के चलते पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। शास्त्री ने शनिवार को अपना इस्तीफा कांग्रेस के प्रभारी पीसी चाको को भेज दिया है।

उन्होंने दिल्ली विधानसभा के आगामी चुनाव के मद्देनजर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के नेताओं पर टिकट बेचने का आरोप लगाते हुये कहा, ‘‘प्रदेश कांग्रेस की कमान ऐसे व्यक्ति के पास है जो किसी का सम्मान नहीं करता है और ऐसे लोगों से घिरा है जो विधानसभा चुनाव के टिकट बेचने में लिप्त हैं।’’

शीला सरकार में मंत्री भी रहे

Advertisement

समझा जाता है कि महरौली विधानसभा सीट से पूर्व विधायक शास्त्री, इस चुनाव में टिकट नहीं मिलने की आशंका से नाराज चल रहे थे। वह महरौली सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं। शीला दीक्षित सरकार में मंत्री रहे शास्त्री,  2013  में कांग्रेस की सत्ता रहने तक विधानसभा अध्यक्ष थे। शास्त्री के आरोपों पर चोपड़ा या प्रदेश कांग्रेस के किसी नेता ने फिलहाल कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है।

आदर्श शास्त्री कांग्रेस में शामिल

वहीं, द्वारका से आम आदमी पार्टी के विधायक और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पोते आदर्श शास्त्री ने शनिवार को कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली है। कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्होंने बताया कि इंडिया अगेंस्ट करप्शन के जोश में मैंने आम आदमी पार्टी ज्वाइन की और अपना काम किया लेकिन पांच सालों में ईमानदारी के सभी सपने टूट गए। आदर्श शास्त्री ने केजरीवाल पर तानाशाह होने का आरोप भी लगाया।

आप और भाजपा ने कर दी है लिस्ट जारी

बता दें कि आम आदमी पार्टी ने सभी 70 सीटों पर उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। शुक्रवार को भाजपा ने भी 57 सीटों पर उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। भाजपा ने अभी नई दिल्ली, महरौली, संगम विहार सहित 13 सीटों पर उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं। वहीं, कांग्रेस में अभी लिस्ट को लेकर मंथन ही चल रहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Former, Delhi, Assembly, Speaker, Yoganand Shastri, resigns, Congress, alleges
OUTLOOK 18 January, 2020
Advertisement