Advertisement
12 June 2025

अहमदाबाद विमान क्रैश में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी का निधन, भाजपा नेताओं ने जताया शोक

गुरुवार दोपहर अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन (गैटविक) के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस बोइंग 787 ड्रीमलाइनर में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सहित कुल 242 लोग सवार थे। इस दुखद हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मृत्यु हो गई।

भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन पर शोक व्यक्त किया, जो गुरुवार को गुजरात के अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए लंदन जाने वाले एयर इंडिया के विमान में सवार थे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक पोस्ट में कहा कि विजय रूपाणी को एक जमीनी नेता के रूप में याद किया जाएगा जिन्होंने अपना जीवन अपने राज्य के विकास और कल्याण के लिए समर्पित कर दिया।

Advertisement

राजनाथ सिंह ने कहा, "अहमदाबाद में दुर्भाग्यपूर्ण विमान दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी जी के दुखद निधन से गहरा दुख हुआ है। उन्हें एक जमीनी नेता के रूप में याद किया जाएगा जिन्होंने अपने राज्य के विकास और कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना। ओम शांति।"

लुधियाना भाजपा ने भी गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब के पार्टी प्रभारी विजय रूपाणी को श्रद्धांजलि दी, जिनकी लंदन जाने वाली एयर इंडिया विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।

दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिरसा ने विजय रूपाणी को एक "विनम्र" और "दयालु नेता" कहा।

सिरसा ने कहा, "विमान दुर्घटना में विजय रूपाणी जी की दुखद मृत्यु के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। मुझे उनका बहुमूल्य मार्गदर्शन प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। वह वास्तव में विनम्र और दयालु नेता थे। उनका समर्पण और ज्ञान हमेशा याद रखा जाएगा। उनकी आत्मा को शांति मिले।"

भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि रूपाणी को जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए याद किया जाएगा।

उन्होंने कहा, "अहमदाबाद के निकट दुर्भाग्यपूर्ण विमान दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री श्री विजय रूपाणी जी के दुखद निधन से दुखी हूं। जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को सदैव याद रखा जाएगा। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।"

भाजपा सांसद संबित पात्रा ने एक्स पर जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "अहमदाबाद में हुए दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य विजय रूपाणी जी के दुखद निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक और मन को झकझोर देने वाला है। उनका जाना न केवल गुजरात, बल्कि सम्पूर्ण भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। महाप्रभु जगन्नाथ जी दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं इस कठिन समय में शोकसंतप्त परिजनों और समर्थकों को धैर्य व संबल प्रदान करें। ॐ शांति।"

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख सीआर पाटिल ने संवाददाताओं को बताया, "उन्होंने कहा, "यह बहुत दुखद घटना है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। हमने इस दुर्घटना में दो बार के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को खो दिया है, जो भाजपा परिवार के लिए बहुत दुखद खबर है।" 

विजय रूपाणी इस फ्लाइट में बिजनेस क्लास (Z क्लास) में यात्रा कर रहे थे। वह अपनी पत्नी अंजलि रूपाणी को लंदन से वापस लाने और अपनी बेटी से मिलने जा रहे थे, जो वहां रहती हैं। 

हादसे के बाद मेहमानीनगर क्षेत्र में विमान के मलबे में भीषण आग लग गई, जिससे कई लोगों के मारे जाने की खबर है। हालांकि, अभी तक संख्या को लेकर किसी जानकारी की पुष्टि नहीं है। 

विजय रूपाणी कौन थे?  

विजय रूपाणी एक प्रमुख भारतीय राजनेता और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता थे। उनका जन्म 2 अगस्त 1956 को रंगून (अब यांगून), म्यांमार में एक जैन बनिया परिवार में हुआ था। 1960 में राजनीतिक अस्थिरता के कारण उनका परिवार भारत के राजकोट, गुजरात में बस गया। 

उन्होंने अपनी पढ़ाई राजकोट के धर्मेंद्रसिंहजी आर्ट्स कॉलेज से पूरी की, जहां से उन्होंने बैचलर ऑफ आर्ट्स (BA) की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने सौराष्ट्र विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ लॉ (LLB) की डिग्री प्राप्त की। वह अपनी पत्नी अंजलि रूपाणी के साथ सात भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। उनके तीन बच्चे थे, लेकिन एक बेटे की मृत्यु के बाद उन्होंने उसकी याद में एक ट्रस्ट बनाया, जो जरूरतमंदों की मदद करता है।

रूपाणी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के साथ की। बाद में वे जनसंघ और फिर BJP से जुड़े। उन्होंने 2006 से 2012 तक राज्यसभा सांसद के रूप में कार्य किया। 7 अगस्त 2016 को आनंदीबेन पटेल के बाद वे गुजरात के 16वें मुख्यमंत्री बने। 

2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने राजकोट वेस्ट सीट से जीत हासिल की। इससे पहले वे गुजरात BJP के अध्यक्ष और परिवहन, जल आपूर्ति, और श्रम जैसे मंत्रालयों में मंत्री रहे। 

मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने गुजरात में औद्योगिक विकास, शहरी बुनियादी ढांचे, और सामाजिक कल्याण योजनाओं पर जोर दिया। उनकी सादगी और प्रशासनिक दक्षता के लिए सराहना की गई। सितंबर 2021 में उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया, और भूपेंद्र पटेल को उनकी जगह सीएम बनाया गया। इसके बाद भी वे BJP में सक्रिय रहे।

बता दें कि फ्लाइट AI171 ने दोपहर 1:38 में रनवे 23 से उड़ान भरी थी। टेकऑफ के बाद विमान ने 625 फीट की ऊंचाई हासिल की, लेकिन कुछ ही सेकंड बाद यह तेजी से नीचे गिर गया और मेहमानीनगर के एक आवासीय इलाके में बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकरा गया। 

पायलट ने टेकऑफ के बाद मेडे कॉल (आपातकालीन संदेश) भेजा था, लेकिन इसके बाद एटीसी से संपर्क टूट गया। भारी ईंधन के कारण दुर्घटना स्थल पर भीषण आग लग गई, जिससे बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गए।  

नागरिक उड्डयन राज्य मत्री मुरलीधर मोहोल ने पुष्टि की कि विजय रूपाणी का नाम पैसेंजर लिस्ट में था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे "दिल दहला देने वाली घटना" बताया, जबकि गृह मत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और नागरिक उड्डयन मंत्री ने राम मोहन नायडू किंजरापु ने दुर्घटना स्थल का जायजा लिया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Ahmedabad plane crash, air india plane crash, gujarat former cm death, vijay rupani death
OUTLOOK 12 June, 2025
Advertisement