Advertisement
04 June 2018

गिरिराज सिंह की विवादित टिप्पणी, अब विपक्षी दलों को बताया 'ओसामावादी'

एकजुट हो रहे सियासी दलों पर भाजपा के हमले लगातार तेज हो रहे हैं। सत्ताधारी भाजपा के खिलाफ विपक्ष की कई पार्टियां महागठबंधन बनाने की कोशिशों में हैं।  इस बीच सोमवार को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्षी दलों की तुलना अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी ओसामा बिन लादेन से कर दी। इससे पहले भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने पाकिस्तान के आतंकवादी हाफिज सईद से महागठबंधन की तुलना की थी।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्वीट किया, “माओवादी, जातिवादी, सामंतवादी और ओसामावादी सभी राष्ट्रवादी गठबंधन (NDA) के खिलाफ एकजुट हो गए हैं। लेकिन विकास की अविरल गंगा में बहते हुए NDA की नाव नियत गति से 2019 का पड़ाव अवश्य पार करेगी।”

Advertisement

अमूमन विवादित बयानों की वजह से चर्चा में रहने वाले गिरिराज सिंह के इस बयान पर नया विवाद छिड़ सकता है। विपक्ष को ओसामावादी करार दिए जाने पर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल भाजपा पर पलटवार सकते हैं।

इससे पहले भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने हाफिज सईद के भाषण का एक वीडियो ट्विटर पर साझा किया था। जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रोकने की बात कर रहा है। इस वीडियो को पोस्ट करते हुए संबित ने लिखा, “इसमें कोई नई बात नहीं है कि महागठबंधन 2019 में मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोकना चाहता है, ऐसे कई अन्य लोग भी हैं जो यही चाहते हैं। हाफिज सईद खुलेआम नरेंद्र मोदी का खून बहाने की बात कर रहा है।”

गौरतलब है कि 14 सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजों में भाजपा को विपक्षी एकता ने तगड़ा झटका दिया है। कैराना और नूरपुर सीट पर बड़ी हार के साथ-साथ भाजपा की कई सीटों पर विपक्षी दलों ने उसे बेदखल कर दिया है। कर्नाटक में भी विपक्षी एकजुटता के कारण भाजपा की सरकार ढाई दिनों में गिर गई। ऐसे में महागठबंधन 2019 के चुनाव में भाजपा के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Giriraj singh, compares, opposition, osama bin laden
OUTLOOK 04 June, 2018
Advertisement