Advertisement
13 August 2025

निर्वाचन आयोग या अदालत जाएं : भाजपा नेता चंद्रशेखर ने सुरेश गोपी पर लगाए जा रहे आरोपों पर कहा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने बुधवार को कहा कि चुनाव के दौरान किसी उम्मीदवार के चुनाव से जुड़ी किसी भी अनियमितता के मामले को ‘‘जनता को मूर्ख बनाने और भड़काने के लिए झूठ फैलाने के बजाय’’ निर्वाचन आयोग या अदालतों के समक्ष उठाया जाना चाहिए।

चंद्रशेखर की यह टिप्पणी कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के उन आरोपों के बाद आयी है, जिनमें कहा गया है कि केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान झूठा घोषणापत्र दाखिल किया था और त्रिशूर निर्वाचन क्षेत्र से उनकी जीत मतदाता सूची में हेरफेर के कारण हुई थी।

कांग्रेस ने एक दिन पहले आरोप लगाया था कि केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और पर्यटन राज्य मंत्री ने त्रिशूर लोकसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल होने के लिए गलत घोषणापत्र दाखिल किया था। देश की सबसे पुरानी पार्टी ने उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

 इससे पहले, भाकपा नेता वी.एस. सुनील कुमार ने सोमवार को आरोप लगाया था कि मतदाता सूची में स्पष्ट हेराफेरी हुई है, जिससे त्रिशूर निर्वाचन क्षेत्र में गोपी की जीत हुई। गोपी ने त्रिशूर सीट पर 74,000 से ज़्यादा मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी, उन्होंने कुमार और कांग्रेस उम्मीदवार के. मुरलीधरन को कांटे के त्रिकोणीय मुकाबले में हराया था।
 
Advertisement

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Election Commission or court, BJP leader Chandrashekhar, Suresh Gopi
OUTLOOK 13 August, 2025
Advertisement