Advertisement
05 August 2024

प्रसारण विधेयक के माध्यम से डिजिटल मीडिया पर ‘ताला लगाना चाहती’ है सरकार: प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार प्रसारण सेवा (विनियमन) विधेयक के माध्यम से डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया और निजी हैसियत में लिखने-बोलने वालों की ‘जुबान पर ताला लगाना चाहती’ है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का यह प्रयास पूरी तरह अस्वीकार्य है।

 

प्रियंका गांधी ने महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू के प्रेस की आजादी से जुड़े कथनों का हवाला देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ये दो उदाहरण बताते हैं कि हमारे नागरिकों को अभिव्यक्ति और प्रेस की स्वतंत्रता यूं ही नहीं मिली है। इसके लिए वर्षों तक लाखों लोगों ने लड़ाई लड़ी है।’’

Advertisement

 

उन्होंने कहा कि नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की महान विरासत है तथा आजाद भारत के इतिहास में कभी कोई सरकार नागरिकों को मिली स्वतंत्रता को कुचलने के बारे में सोच भी नहीं सकती थी।

 

प्रियंका गांधी का कहना है, ‘‘आज एक तरफ सत्ता के जोर से पूरे मीडिया को सरकारी भोंपू बना दिया गया है। दूसरी तरफ, भाजपा सरकार प्रसारण विधेयक लाकर डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, ओटीटी मंचों और यहां तक कि निजी हैसियत में लिखने-बोलने वालों की जुबान पर ताला लगाने की तैयारी कर रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह पूरी तरह अस्वीकार्य है। देश ऐसी हरकतों को बर्दाश्त नहीं करेगा।’’

 

TAGS: Government, 'lock' digital media, broadcasting bill, Priyanka Gandhi
OUTLOOK 05 August, 2024
Advertisement