Advertisement
08 September 2024

हरियाणा के सीएम सैनी ने कांग्रेस और आप पर लगाया "भ्रष्टाचार के दलदल में फंसने" का आरोप, चुनाव में सफाया होने का किया दावा

file photo

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन करने की कोशिश कर रही कांग्रेस और आप पर "भ्रष्टाचार के दलदल में फंसने" का आरोप लगाया और दावा किया कि चुनाव में उनका सफाया हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस को लोगों के कल्याण की चिंता नहीं है और इसके बजाय वह "अपने स्वार्थों को पूरा करने के लिए समाज के हर वर्ग का शोषण करती है"।

5 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए सैनी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस किसानों, पहलवानों, सैनिकों, महिलाओं और गरीबों के नाम पर राजनीति करती है और अपने स्वार्थों के लिए किसी को नहीं छोड़ती।

उन्होंने कुरुक्षेत्र के लाडवा में एक सभा में कहा, "कांग्रेस किसी को नहीं छोड़ती। वह अपने स्वार्थों को पूरा करने के लिए समाज के हर वर्ग का शोषण करती है। पार्टी का जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं है।" भाजपा ने हरियाणा चुनाव के लिए लाडवा विधानसभा क्षेत्र से सैनी को मैदान में उतारा है।

Advertisement

बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जब सैनी से अगले महीने होने वाले चुनावों के लिए कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ''दोनों पार्टियों में डर है। दोनों ही भ्रष्टाचार के दलदल में फंसी हुई हैं।'' सैनी ने कहा, ''हरियाणा की जनता ने तय कर लिया है कि कांग्रेस चाहे एक गठबंधन करे या 10, उनका सफाया हो जाएगा। भाजपा तीसरी बार बड़े जनादेश के साथ राज्य में सरकार बनाएगी।''

मौजूदा मुख्यमंत्री ने कहा कि वह 10 सितंबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा, ''मुझे लाडवा के लोगों से बहुत प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है। मैं करनाल के लोगों को भी नमन करता हूं, जिन्होंने मुझे बहुत प्यार और आशीर्वाद दिया।'' मार्च में भाजपा ने लोकसभा चुनावों से पहले मनोहर लाल खट्टर की जगह तत्कालीन प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया था। सैनी ने आम चुनावों के साथ ही करनाल विधानसभा उपचुनाव जीता था।

लाडवा में जनसभा को संबोधित करते हुए सैनी ने कहा कि हरियाणा के लोगों का स्नेह और प्यार ही उनकी ताकत है। लोगों के उत्साह से यह स्पष्ट है कि हर बूथ पर कमल (भाजपा का चुनाव चिन्ह) जरूर खिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा, कमल के चिन्ह पर डाला गया हर वोट हरियाणा की समृद्धि के लिए होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने हरियाणा को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है और राज्य में पार्टी की सत्ता में वापसी के बाद विकास की गति और तेज होगी।

इस बीच, पंचकूला में पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि भाजपा राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। निवर्तमान विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा के पंचकूला प्रत्याशी ज्ञान चंद गुप्ता के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने वाले प्रसाद ने कहा कि हरियाणा के लोगों को मोदी सरकार और सैनी सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 08 September, 2024
Advertisement