Advertisement
05 October 2020

हाथरस गैंगरेप मामला: पीड़िता के परिवार से मिलने पहुंचे आप सांसद संजय सिंह पर फेंकी गई काली स्याही

Twitter/ AAP

हाथरस गैंगरेप मामले को लेकर लगातार राजनीतिक हलचल जोरो पर है। उत्तर प्रदेश प्रशासन द्वारा पीड़िता के परिवार से राजनीतिक दलों के मिलने की अनुमति मिलने के बाद से लगातार बीते तीन दिनों से विपक्षी पार्टी और नेताओं का आना-जाना शुरू है। सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) सांसद संजय सिंह पीड़िता के परिवार से मुलाकात करने के लिए हाथरस पहुंचे।

परिवार से मुलाकात करने के बाद जब वो बाहर निकले तो उन पर स्याही फेंकी गई। जिसके बाद आप कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। सांसद संजय सिंह ने कहा कि परिवार वाले डरे हुए हैं, पूरे गांव को छावनी बना दिया गया है। उन्होंने यूपी के सीएम योगी पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार दरिंदों को बचाने में जुटी हुई है। सीबीआई जांच के आदेश को लेकर भी कई सवाल उठाए।  

आप उत्तर प्रदेश के अधिकारिक ट्वीटर हैंडल से ट्वीट करते हुए कहा गया, "पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे आप सांसद संजय सिंह पर स्याही फेंकवा कर भाजपा ने आज अपने स्याह पक्ष को उजागर कर दिया है। संजय सिंह पर जो स्याही फेंकी गई है उसी स्याही से योगी के काले कारनामों का काला इतिहास लिखा जाएगा।"

इससे पहले रविवार को भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर ने परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने परिवार को वाई कैटेगरी की सुरक्षा देने की मांग की थी। वहीं, शनिवार काफी राजनीतिक गहमागहमी के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को हाथरस जाने की अनुमति मिली थी। परिवार से मुलाकात के बाद दोनों ने कहा था कि लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक न्याय नहीं मिल जाता।

कथित गैंगरेप पीड़िता की मौत बीते सप्ताह तीस अक्टूबर की सुबह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में हो गया था। 14 अक्टूबर को उसके साथ गैंगरेप की वारदात सामने आई थी। मामले में चार आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Hathras gang rape case, Black Ink On AAP MP, Sanjay Singh, Hathras Victim's Family, Hathras Case, UP Police
OUTLOOK 05 October, 2020
Advertisement