Advertisement
09 May 2021

असम की बाजी हिमंत के नाम? दिल्ली से जा रहे मंत्री, क्या भाजपा में सब कुछ है ठीक

असम के नए मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें जारी हैं। इस बीच खबर है कि हिमंत बिस्व सरमा को राज्य के मुख्यमंत्री की कुर्सी मिल सकती है, जबकि सर्बानंद सोनोवाल को दिल्ली बुलाया जा सकता है। बता दें कि दरअसल भाजपा के इन दोनों वरिष्ठ नेताओं ने शनिवार को राजधानी दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक माना जा रहा जी कि इस मुलाकात के बाद देर रात हिमंत को नया सीएम बनाने पर सहमति बन गई।  भाजपा विधायक दल की बैठक रविवार को होगी, जिसमें राज्य के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाई जाएगी।

भाजपा विद्यालय दल की यह बैठक दिन में 11 बजे शुरू होगी और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर तथा पार्टी महासचिव अरुण सिंह केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर उपस्थित रहेंगे। इस मौके पर भाजपा के असम प्रभारी बैजयंत पांडा भी मौजूद रहेंगे।


बता दें कि वरिष्ठ नेता हिमंत बिस्व सरमा ने पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से यहां शनिवार को मुलाकात की थी। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने असम में अगली सरकार के नेतृत्व को लेकर चर्चा करने के लिए शुक्रवार को असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल एवं स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्व सरमा को दिल्ली बुलाया था।

Advertisement

सूत्रों ने बताया कि दोनों नेता शनिवार सुबह दिल्ली पहुंच गए, लेकिन सरमा ही नड्डा और भाजपा महासचिव (संगठन) बी एल संतोष से मुलाकात करने नड्डा के आवास पहुंचे। बाद में शाह भी वहां पहुंचे।

असम के सोनोवाल-कचहरी आदिवासी समुदाय से संबंध रखने वाले सोनोवाल और उत्तर पूर्व लोकतांत्रिक गठबंधन के संयोजक सरमा मुख्यमंत्री पद के मजबूत दावेदार हैं।

भाजपा ने असम में चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद के अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की थी। पार्टी ने 2016 विधानसभा चुनाव में सोनोवाल को इस पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया था और चुनाव जीता था। इसी के साथ पूर्वोत्तर में भगवा दल की पहली सरकार गठित हुई थी। इस बार,पार्टी ने कहा था कि वह चुनाव के बाद निर्णय करेगी कि असम का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।

भाजपा ने 126 सदस्यीय असम विधानसभा में 60 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि उसकी गठबंधन सहयोगी असम गण परिषद से नौ और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल ने छह सीटें हासिल की।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Assam CM Race, Himanta Biswa Sarma New CM, असम, सर्बानंद सोनोवाल, बीजेपी, Assam, Sarbananda Sonowal, BJP, हिमंत बिस्व सरमा
OUTLOOK 09 May, 2021
Advertisement