Advertisement
27 July 2020

पीएम मोदी को फोन कर की है राज्यपाल के बर्ताव की शिकायत: गहलोत

राजस्थान में जारी राजनीतिक खींचतान के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की है। यह जानकारी खुद सीएम गहलोत ने दी।

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार उन्होंने कहा, "मैंने कल प्रधान मंत्री के साथ बात की और उन्हें राज्यपाल के व्यवहार के बारे में बताया। मैंने उनके साथ सात दिन पहले लिखे पत्र के संबंध में भी बात की।"

बता दें कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विधानसभा का सत्र बुलाना चाहते हैं, मगर राज्यपाल कलराज मिश्र ने इसकी अनुमति नहीं दी है। इसे लेकर मुख्यमंत्री गहलोत और कांग्रेस विधायकों ने राजभवन में धरना प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद भी राज्यपाल ने सत्र बुलाने की इजाजत नहीं दी।

Advertisement

इसके बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कैबिनेट बैठक बुलाकर 31 जुलाई को विधानसभा का सत्र बुलाने का प्रस्ताव फिर से राज्यपाल कलराज मिश्र के पास भेजा। इस दौरान गहलोत सरकार ने कहा कि उन्हें कोरोना के मद्देनजर 6 विधेयक को पारित कराना है। मगर इस प्रस्ताव को भी कलराज मिश्र ने ठुकरा दिया है और सरकार से कुछ प्रश्न पूछे हैं। लिहाजा विधानसभा सत्र को लेकर मुख्यमंत्री और राज्यपाल के बीच तकरार बढ़ती जा रही है। इस बीच अब सीएम गहलोत ने पीएम नरेंद्र मोदी से फोन पर बात कर राज्यपाल कलराज मिश्र के बर्ताव के बारे में बताया है।

राजस्थान में हालिया घटनाक्रम के बीच सीएम अशोक गहलोत ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र भी लिखा था। इसमें उन्होंने कहा था, 'नरेंद्र मोदी जी, मैं आपका ध्यान राज्यों में चुनी हुई सरकारों को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत हॉर्स ट्रेडिंग के माध्यम से गिराने के लिए किये जा रहे कुत्सित प्रयासों की ओर आकृष्ट करना चाहूंगा।' उन्होंने आगे लिखा, 'हमारे संविधान में बहुदलीय व्यवस्था के कारण राज्यों एवं केंद्र में अलग-अलग दलों की सरकारे चुनीं जाती रही है। यह हमारे लोकतंत्र की खूबसूरती ही है कि इन सरकारों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर लोकहित को सर्वोपरि रखते हुए काम किया है।' पत्र में उन्होंने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: राजस्थान संकट, राजस्थान कांग्रेस, अशोक गहलोत, राज्यपाल, कलराज मिश्र, पीएम मोदी, नरेंद्र मोदी, Rajasthan political crisis, Ashok Gehlot, Governor, Kalraj mishra, PM Modi, Congress
OUTLOOK 27 July, 2020
Advertisement