Advertisement
21 April 2018

मैं भाजपा छोड़ कर कहीं नहीं जाने वाला- शत्रुघ्न सिन्हा

File Photo

भाजपा सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, 'अफवाह है कि मुझे 2019 में टिकट नहीं दिया जाएगा इसलिए मैं पार्टी छोड़ रहा हूं लेकिन मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं इसी दल में रहूंगा और कहीं जाऊंगा नहीं।'

यशवंत सिन्हा के भाजपा छोड़ने के बाद ऐसी अफवाहें उड़ने लगी थीं कि शत्रुघ्न सिन्हा भी भाजपा से किनारा कर सकते हैं। इस पर विराम लगाते हुए उन्होंने साफ किया, ‘मैं भाजपा नहीं छोड़ूंगा।’ पटना में आयोजित हुए ‘राष्ट्रमंच’ अधिवेशन में शत्रुघ्न सिन्हा ने लालू यादव के बेटे और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की तारीफ में जमकर कसीदे पढ़े। अपनी बेबाकी के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर से मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि केंद्र सरकार अली बाबा चालीस चोर की सरकार है। उन्होंने भाजपा के बागी नेता यशवंत सिन्हा की तारीफ करते हुए कहा कि वह त्याग और बलिदान की प्रतिमूर्ति हैं।


Advertisement

इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने भाजपा के साथ अपने संबंधों को तोड़ने की घोषणा करते हुए कहा कि वह भविष्य में किसी भी पद के दावेदार नहीं होंगे। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश में लोकतंत्र खतरे में है। पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा द्वारा आयोजित ‘राष्ट्रमंच’ अधिवेशन में भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा के साथ जेडीयू के उदय नारायण चौधरी समेत कांग्रेस की रेणुका चौधरी, राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव, आम आदमी पार्टी के संजय सिंह और आशुतोष शामिल हुए।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Shatrughan Sinha, BjP, patna, quit, stay
OUTLOOK 21 April, 2018
Advertisement