Advertisement
29 May 2024

भाजपा सत्ता में आई तो संविधान खत्म कर देगी: राहुल गांधी का आरोप

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में वापस आयी तो संविधान को खत्म कर देगी।

कांग्रेस नेता ने पंजाब में मादक पदार्थों की समस्या का मुद्दा भी उठाया और कहा कि यह समस्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस खतरे को खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई की जरूरत है।

लुधियाना से कांग्रेस के उम्मीदवार अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के पक्ष में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव संविधान को बचाने के लिए है। उन्होंने अपनी पार्टी के चुनावी वादों के बारे में भी बात की, जिसमें महालक्ष्मी योजना, किसानों के लिए ऋण माफी और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कानूनी गारंटी सुनिश्चित करना शामिल है।

Advertisement

कांग्रेस नेता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘पहली बार किसी पार्टी और उसके नेताओं ने कहा है कि अगर वे चुनाव जीतते हैं तो संविधान बदल देंगे और संविधान को खत्म कर देंगे।’’ उन्होंने संविधान की एक प्रति लहराते हुए कहा कि यह कोई किताब नहीं, बल्कि गरीबों की आवाज है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान को खत्म करना चाहती है। उन्होंने भाजपा पर एमएसपी पर कानूनी गारंटी नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने आगे किसान के हित वाली फसल बीमा योजना लाने का वादा किया और आरोप लगाया कि वर्तमान बीमा योजना केवल 16 बीमा कंपनियों को लाभ पहुंचाती है।

सेना में भर्ती की अल्पकालिक ‘अग्निपथ’ योजना के लिए भाजपा की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि अगर ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आया तो वह इसे खत्म कर कूड़ेदान में फेंक देगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP, Constitution, Rahul Gandhi's allegation
OUTLOOK 29 May, 2024
Advertisement