Advertisement
11 December 2017

गुजरात चुनाव: पाकिस्तान बोला, हमारा नाम न घसीटें, अपने दम पर चुनाव जीतें

गुजरात चुनाव: पाकिस्तान बोला, हमारा नाम न घसीटें, अपने दम पर चुनाव जीतें | FILE PHOTO

गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा गुजरात विधानसभा चुनावों में पाकिस्तान के दखल को लेकर कांग्रेस पर सनसनीखेज आरोप लगाए जाने के बाद राजनीति गरमा गई है। अब पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता डॉ. मोहम्मद फैसल ने इसे लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

फैसल ने ट्वीट कर कहा, “अपनी चुनावी बहस में भारत को पाकिस्तान को घसीटना बंद करना चाहिए। साजिशों की जगह अपने दम पर चुनाव में जीत हासिल करने का प्रयास करें। ऐसे आरोप निराधार और गैरजिम्मेदाराना हैं।”

बता दें कि पीएम मोदी ने पालनपुर रैली में अहमद पटेल और मणिशंकर अय्यर पर निशाना साधते हुए पाकिस्तान का जिक्र किया। पीएम मोदी ने पूछा, “क्या कारण है कि जो शख्स पाकिस्तानी सेना का अधिकारी रह चुका हो वह लिख रहा है कि अहमद पटेल को सीएम बनाने के लिए मदद करनी चाहिए?”

Advertisement

मोदी ने कहा कि पाकिस्तानी सेना के पूर्व महानिदेशक सरदार अरशद रफीक ने अहमद पटेल को गुजरात का अगला मुख्यमंत्री बनाने का समर्थन किया था।

वहीं मणिशंकर अय्यर पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मीडिया में मणिशंकर अय्यर के आवास पर हुई बैठक के बारे में कल खबरें थीं। इसमें पाकिस्तान के उच्चायुक्त, पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री, भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने हिस्सा लिया।’’ मोदी ने कहा कि अय्यर के आवास पर तकरीबन तीन घंटे तक बैठक चली। अगले दिन मणिशंकर अय्यर ने कहा कि मोदी ‘नीच’ है। यह गंभीर मामला है।

TAGS: India, stop dragging, Pakistan, ielectoral debate, Dr Mohammad Faisal‏
OUTLOOK 11 December, 2017
Advertisement