Advertisement
15 October 2018

अकबर की सफाई पर कांग्रेस बोली- भाजपा के लिए बेटी बचाओ से ज्यादा महत्वपूर्ण सरकार बचाओ

#MeToo अभियान के तहत महिलाओं के यौन उत्पीड़न से जुड़े आरोपों का सामना कर रहे विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर ने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। कई महिला पत्रकारों द्वारा उत्पीड़न के आरोपों के बाद अकबर पर इस्तीफे का दबाव था, रविवार को जैसे ही वो विदेश दौरे से लौटे तो उन पर प्रश्नों की झड़ी लगी। लेकिन अपने ऊपर लगे हर आरोपों को निराधार बताते हुए उन्होंने इस्तीफा देने से मना कर दिया। उनके इस रवैया पर कांग्रेस हमलावर हो गई है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार के लिए बेटी बचाओ से ज्यादा महत्वपूर्ण सरकार बचाओ हो गया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने ट्वीट कर लिखा, क्या इस पर सफाई देना ही काफी है? 3 तलाक के लिए जेल और इन आरोपों के लिए कुछ भी नहीं, बेटी बचाओ से ज्यादा महत्वपूर्ण सरकार बचाओ। ये मन की नहीं बल्कि तन की बात है।

एमजे अकबर ने क्या कहा?

Advertisement

विदेश से लौटने के बाद विदेश राज्यमंत्री एम. जे. अकबर ने खुद पर लगे यौन उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार के आरोपों पर चुप्पी तोड़ते हुए लीगल ऐक्शन लेने की बात कही है।

उन्होंने आरोपों की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम चुनाव से कुछ महीने पहले ही क्यों ऐसी बात उठी है। अकबर ने कहा कि मेरे खिलाफ लगे आरोप झूठे और मनगढंत हैं।

विदेश राज्यमंत्री अकबर ने अपने विस्तृत बयान में कहा कि वह खुद के खिलाफ सेक्शुअल असॉल्ट के झूठे आरोप लगाने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा, 'कुछ तबको में बिना किसी सबूत के आरोप लगाने की बीमारी हो गई है। अब मैं लौट आया हूं और आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाए, इसके लिए मेरे वकील इन निराधार आरोपों को देखेंगे।'

अकबर ने कहा, 'आम चुनाव से कुछ महीने पहले ही यह तूफान क्यों उठा? क्या इसमें कोई एजेंडा है? आप खुद अंदाजा लगा सकते हैं। ये झूठे, निराधार और क्रूर आरोप हैं, जिससे मेरी प्रतिष्ठा को अपूर्णीय क्षति हुई है।' उन्होंने कहा, 'झूठ के पैर नहीं होते, लेकिन वे जहर बुझे होते हैं।'

एमजे अकबर पर क्या हैं आरोप

एमजे अकबर पर अब तक 11 से अधिक महिलाओं ने यौन उत्पीड़न जैसे आरोप लगाए हैं। प्रिया रामानी नाम की सीनियर पत्रकार ने ट्वीट किया था कि एमजे अकबर ने होटल रूम में इंटरव्यू के दौरान आपत्तिजनक हरकतें की है। वहीं एक और महिला ने कहा कि सीनियर जर्नलिस्ट रहे अकबर होटल के कमरे में इंटरव्यू लेते थे और महिलाओं को अपने बिस्तर और शराब ऑफर करते थे। एक महिला ने हार्वे विन्सिटन्स ऑफ द वर्ल्ड नाम से लिखे पोस्ट में कहा है कि अकबर गंदे फोन कॉल, टेक्स्ट, और असहज करने वाले कॉम्प्लिेंट्स में माहिर हैं।

पोस्ट में कहा गया, "आप जानते हैं कि कैसे चुटकी काटी जाए। थपथपाया जाए, जकड़ा जाए और हमला किया जाए। आपके खिलाफ बोलने की अब भी भारी कीमत चुकानी पड़ती है। ज्यादातर युवा महिलाएं यह कीमत अदा नहीं कर सकतीं।"

हालांकि जब पोस्ट पब्लिश की गई थी उस समय महिला को प्रताड़ित करने वाला का नाम तो नहीं बताया गया लेकिन इसे लिखने वाली ने अब आरोपों की पुष्टि की है और एम जे अकबर का नाम लिया। एक अन्य महिला ने भी आरोपों की पुष्टि की कि अकबर ने उसके सामने भी कई अश्लील प्रस्ताव रखे थे। 1995 में कोलकाता के ताज बंगाल में अकबर ने उसके सामने ऐसे अश्लील ऑफर दिए थे और उसके बाद उसने जॉब ऑफर ठुकरा दी थी।

इस कड़ी में सबसे ताजा आरोप सीएनएन की एक पत्रकार ने लगाया था। मजली डि पॉय ने अकबर पर आरोप लगाते हुए लिखा था कि जब वे एशियन ऐज में इंटर्नशिप करने आईं थी, उस वक्त के संपादक अकबर ने जबर्दस्ती उन्हें किस किया था। पॉय के अनुसार अकबर उनके पिता के दोस्त थे। पॉय उस वक्त 18 वर्ष की थीं, जबकि एमजे अकबर की उम्र 56 साल की थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Interesting intrangience, govt in MeToo, Sarkar Bachao, Beti Bachao, Salman Khurshid, bjp, mj akbar
OUTLOOK 15 October, 2018
Advertisement