Advertisement
20 May 2023

कर्नाटक: राहुल गांधी से लेकर नीतीश कुमार तक, सिद्धारमैया का शपथ ग्रहण समारोह बना विपक्षी एकता का मंच

ANI

कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में सिद्धारमैया का शपथ ग्रहण समारोह 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए विपक्षी दलों की एकता का शक्ति प्रदर्शन बन गया। अधिकांश प्रमुख नेताओं ने समारोह में भाग लिया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी से लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन तक, शनिवार को बेंगलुरु में शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी नेताओं ने भाग लिया। सिद्धारमैया ने जहां मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, वहीं डीके शिवकुमार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वह राज्य पार्टी इकाई के प्रमुख के पद पर भी बने हुए हैं।

कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी की जीत के बाद, विपक्षी दलों ने संकेत दिया है कि वे राष्ट्रीय राजनीतिक क्षेत्र में पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करने के इच्छुक हैं। कर्नाटक में विपक्षी नेताओं के शपथ ग्रहण समारोह में जुटने को विपक्षी एकता के प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। 2024 के लोकसभा चुनावों में सत्तारूढ़ बीजेपी से मुकाबले के लिए विपक्षी एकता की कोशिशें हो रही हैं।

Advertisement

कर्नाटक में सिद्धारमैया के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के शीर्ष नेता अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शामिल थे। पार्टी के पूर्व प्रमुख और राहुल और प्रियंका की मां सोनिया गांधी अनुपस्थित थीं।

कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री राजस्थान के अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के भूपेश बघेल और हिमाचल प्रदेश के सुखविंदर सिंह सुक्कू भी शामिल थे। सुक्खू पिछले साल सीएम बने थे, गहलोत और बघेल दोनों इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों में फिर से चुनाव लड़ रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने शपथ ग्रहण समारोह में समान विचारधारा वाले कई दलों के नेताओं को आमंत्रित किया था। कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रमुख विपक्षी नेताओं में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार नेशनल कांफ्रेंस सुप्रीमो फारूक अब्दुल्ला पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती अभिनेता-राजनीतिज्ञ कमल हासन, माकपा महासचिव सीताराम येचुरी भाकपा महासचिव डी राजा, रालोद नेता जयंत सिंह टीएमसी नेता काकोली घोष आदि शामिल हुए। कर्नाटक में 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए कांग्रेस ने 135 सीटें अपने नाम कीं, जबकि बीजेपी ने 66 सीटें जीतीं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 20 May, 2023
Advertisement