Advertisement
06 May 2023

कांग्रेस का बड़ा आरोप- 'मल्लिकार्जुन खड़गे और उनके परिवार की हत्या की साजिश रच रही भाजपा'

कर्नाटक में चुनावों और मणिपुर में हिंसा की गहमा गहमी के बीच कांग्रेस ने शनिवार को भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और उनके परिवार को 'मारने' के लिए 'भयावह साजिश' रची जा रही है। इस बयान के बाद से ही राजनीति में एक हलचल सी पैदा हुई है। हालांकि, भाजपा के उम्मीदवार मणिकांत राठौड़ ने आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

दरअसल, आज बेंगलुरु में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस ने एक ऑडियो क्लिप के माध्यम से दावा किया है कि चित्तपुर के भाजपा उम्मीदवार मणिकांत राठौड़ ने खड़गे के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। साथ ही यह भी कि उन्हें और उनके परिवार को खत्म करने की बात करते हुए सुना जा सकता है।

वहीं, चित्तपुर से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार मणिकांत राठौड़ ने आरोपों को सिरे से खारिज करने में अधिक समय नहीं लिया। कांग्रेस द्वारा प्रेस वार्ता में लगाए गए आरोपों का अब राठौड़ ने खंडन किया है और कहा है कि, “यह सब झूठ है। कांग्रेस द्वारा फर्जी ऑडियो चलाया जा रहा है।" राठौड़ ने कांग्रेस के ही शब्दों में पलटवार किया और कहा कि, "चुनावों में हार के डर से बेबुनियाद आरोप लगा रही है।

Advertisement

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने बयान दिया है, "चित्तपुर से भाजपा के उम्मीदवार की रिकॉर्डिंग से स्पष्ट हो गया कि भाजपा नेता अब मल्लिकार्जुन खड़गे और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या की साजिश रच रहे हैं। मैं जानता हूं कि प्रधानमंत्री खामोश रहेंगे और कर्नाटक पुलिस और भारत का चुनाव आयोग भी शांत रहेगा। लेकिन कर्नाटक के लोग चुप नहीं रहेंगे और भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देंगे।"

कांग्रेस के एक बयान पर नजर डालें तो, इसमें कहा गया, "कर्नाटक की जनता के प्रति भाजपा की निर्लज्ज घृणा कैसी है, यह खड़गे को मारने के लिए एक 'हत्या की साजिश' में साफ झलकती है। प्रधानमंत्री और भाजपा नेतृत्व इस मामले में पूरी तरह से "मूक" बने हुए हैं।" बता दें कि प्रियांक खड़गे चित्तपुर में कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।

ज्ञात हो कि विगत वर्ष यानी 13 नवंबर 2022 को मणिकांत राठौड़ को हत्या और बाद में जमानत पर रिहा करने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। तब एक मीडिया कांफ्रेंस में उन्होंने खुलकर प्रियांक खड़गे को गोली मारने की इच्छा जाहिर की थी। कांग्रेस ने मीडिया वार्ता में क्लिप चलाकर यही कहा है कि, "भाजपा जनता से कांग्रेस को मिल रहे आशीर्वाद से भयभीत होकर खड़गे और उनके परिवार के लिए प्लान बना रही है।"

कांग्रेस द्वारा जारी बयान में कहा गया, "2 मई को, भाजपा विधायक और महासचिव, मदन दिलावर ने मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए" मृत्यु "की कामना की और कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष 80 वर्ष के हैं, भगवान उन्हें कभी भी दूर कर सकते हैं। इसका अर्थ यही है कि भाजपा के नेता खुले तौर पर मल्लिकार्जुन खड़गे, उनकी पत्नी और पूरे परिवार की हत्या की साजिश रच रहे हैं।" कांग्रेस ने कहा कि, "इस नापाक और भयावह हत्या की साजिश का जवाब कर्नाटक के 6.5 करोड़ लोगों द्वारा चुनाव में दिया जाएगा।"

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 06 May, 2023
Advertisement