Advertisement
01 March 2020

शाह की रैली में जाते वक्त भाजपा कार्यकर्ताओं ने लगाए ‘गोली मारो’ के नारे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता के शहीद मीनार मैदान में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान रैली में शामिल होने जा रहे कार्यकर्ताओं ने 'गोली मारो.....' के नारे लगाए।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, कोलकाता में 1 मार्च को अमित शाह की रैली में जाते वक्त बीजेपी कार्यकर्ताओं ने 'गोली मारो...' के नारे लगाए। पार्टी के झंडे के साथ समूह को शहीद मीनार मैदान में नारा लगाते हुए सुना गया।

पुलिस ने क्या कहा?

Advertisement

संपर्क करने पर, कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस घटना पर कुछ भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हालांकि उन्होंने कहा कि "शहर में कानून और व्यवस्था की स्थिति को बाधित करने की कोशिश करने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी"।

दिल्ली के मेट्रो स्टेशन में भी लगे थे नारे

इस घटना के एक दिन पहले सीएए के समर्थकों के एक छोटे समूह को शनिवार को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। इस समूह ने राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के अंदर और बाहर "गोली मारो ..." का नारा लगाया था।

'गोली मारो' पर क्या बोले अनुराग ठाकुर

बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान केन्द्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर पर भी "गोली मारो ..." नारा लगाने के आरोप लगे थे। दिल्ली में हिंसा भड़की तो उनपर भी आरोप लगा कि हिंसा भड़काने में उनके बयान का भी हाथ है। अब अनुराग ठाकुर ने कहा है कि दिल्ली में हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। हालांकि, अपने विवादित बयान पर पूछे गए सवाल को अनुराग ठाकुर ने यह कहकर टाल दिया कि यह मामला अब कोर्ट में है। उन्होंने सवाल पूछने वाले पत्रकार को जानकारी सुधारने की नसीहत भी दे डाली।

TAGS: Kolkata, BJP Workers, Raise 'Goli Maaro' Slogan, Amit Shah's Rally
OUTLOOK 01 March, 2020
Advertisement