Advertisement
22 April 2018

फर्जी निकली कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची, कांग्रेस ने किया इनकार

कर्नाटक चुनाव के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की एक सूची शनिवार को मीडिया पर खूब वायरल हुई। इस सूची में एनसीपी नेता शरद पवार, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव का नाम शामिल होना लोगों को हैरान करता रहा। अब कांग्रेस ने इस सूची को फर्जी बताते हुए इसका खंडन किया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता  प्रियंका चतुर्वेदी ने कांग्रेस की ओर से इस तरह की कोई लिस्ट जारी करने से इनकार किया है।


कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की फर्जी लिस्ट में 22 नेताओं को जगह दी गई थी। इसके अलावा इसमें एनसीपी नेता शरद पवार, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और राजद नेता तेजस्वी यादव से कांग्रेस के पक्ष में प्रचार करने के लिए चर्चा करने की बात लिखी थी। हालांकि इस लिस्ट में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम नहीं था। वहीं इस लिस्ट में कई मात्रागत त्रुटियां भी थी जिसके कारण लोगों ने इस पर संदेह जताया था।

Advertisement

सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस सूची में सीनियर कांग्रेसी नेता गुलाम नबी आजाद, सुशील कुमार शिंदे, सचिन पायलट, ज्योतिरादित्य सिंधिया, अशोक गहलोत के अलावा नवजोत सिंह सिद्धू, फिल्म एक्ट्रेस नगमा और खुशबू का नाम शामिल था।

गौरतलब है कि कर्नाटक में 12 मई को चुनाव होने हैं और 15  मई को इसके नतीजे आएंगे। कांग्रेस की ओर से जहां मुख्यमंत्री सिद्धरमैया मैदान में हैं, वहीं भाजपा ने येदियुरप्पा को सीएम का चेहरा बनाया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: List of star campaigners, Congress, fake, Congress refuses, karnataka
OUTLOOK 22 April, 2018
Advertisement