सुरक्षा में चूक की घटना के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सभी दलों की बैठक बुलाई
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में सुरक्षा चूक की घटना के बाद इस विषय पर चर्चा के लिए अपराह्न चार बजे सभी दलों के नेताओं की बैठक बुलाई है। विपक्षी दलों के सदस्यों की नारेबाजी के बीच, बिरला ने बैठक बुलाये जाने के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने आप सब की भावनाओं को पहले व्यक्त कर दिया है। चार बजे इस विषय पर सभी दलों की बैठक बुलाई है।’’
इसके बाद, बिरला ने अपराह्न करीब दो बजकर 50 मिनट पर सदन की कार्यवाही चार बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
लोकसभा की कार्यवाही के दौरान बुधवार को दर्शक दीर्घा से दो लोग नीचे कूद गए और कनेस्टर के माध्यम से धुआं फैला दिया। घटना के तुरंत बाद दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया गया।
इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस की आतंकवाद रोधी इकाई विशेष सेल उन लोगों से पूछताछ करने के लिए संसद पहुंची, जिन्होंने लोकसभा में सुरक्षा उल्लंघन किया था।
लोकसभा में सुरक्षा चूक पर समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा, "यह पूरी तरह से सुरक्षा चूक है। आज सदन के अंदर कुछ भी हो सकता था...जो भी लोग यहां आते हैं - चाहे वे आगंतुक हों या रिपोर्टर, किसी के टैग नहीं हैं...सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए"।
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "दो युवक गैलरी से कूदे और उन्होंने कुछ फेंका, जिससे गैस निकल रही थी। उन्हें सांसदों ने पकड़ा, उसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बाहर निकाला। सदन दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। यह निश्चित रूप से एक सुरक्षा उल्लंघन है..."।
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा"अचानक करीब 20 साल के दो युवक दर्शक दीर्घा से सदन में कूद पड़े और उनके हाथ में कनस्तर थे। इन कनस्तर से पीला धुआं निकल रहा था। उनमें से एक अध्यक्ष की कुर्सी की ओर भागने का प्रयास कर रहा था। वे कुछ नारे लगा रहे थे। धुआं जहरीला हो सकता था यह सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन है।
दरअसल, यह घटना बुधवार दोपहर एक बजकर एक मिनट पर हुई। लोकसभा में पीठासीन अधिकारी राजेंद्र अग्रवाल शून्य काल की कार्यवाही को संचालित कर रहे थे। मालदा उत्तर से भाजपा सांसद खगेन मुर्मू अपनी बात रख रहे थे। तभी दो शख्स दर्शक दीर्घा से नीचे कूद गए। इससे अचानक से अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल युवकों को पकड़ लिया गया है और कार्यवाही को दोपहर दो बजे तक स्थगित करने के बाद अब फिर से शुरू कर दिया गया है।