Advertisement
06 April 2025

'कमल का फूल विश्वास और उम्मीद का नया प्रतीक बन गया है': भाजपा के स्थापना दिवस पर अमित शाह

भारतीय जनता पार्टी के नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को पार्टी के स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और इस बात पर प्रकाश डाला कि कैसे "कमल का प्रतीक देशवासियों के दिलों में विश्वास और आशा का नया प्रतीक बन गया है।"

ग्रह मंत्री ने पोस्ट किया, "विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन, भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएँ। इस अवसर पर उन सभी महापुरुषों को नमन करता हूँ, जिन्होंने भाजपा की नींव में देशभक्ति के बीज बोकर करोड़ों राष्ट्रभक्तों का वटवृक्ष तैयार करने का कार्य किया। मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा विकसित और हर क्षेत्र में श्रेष्ठ भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी।"

अमित शाह ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। 

उन्होंने अगली पोस्ट में लिखा, "चाहे श्री राम मंदिर आंदोलन को जन-जन तक पहुँचाना हो, धारा 370 हटाने को अपना संकल्प बनाना हो या गरीबों, वंचितों, महिलाओं का कल्याण करना हो - भाजपा ने अपनी स्थापना से ही देशहित को अपना सबसे बड़ा लक्ष्य बनाया है। अपनी चार दशकीय यात्रा में भाजपा ने यह दिखाया है कि कैसे एक राजनीतिक दल विरासतों के सम्मान, हर गरीब को आवास, अन्न, स्वास्थ्य बीमा और किसानों के कल्याण के लिए एकसाथ संकल्पबद्ध रह सकता है। देश और देशवासियों की उन्नति को ही अपनी प्रगति मानने वाले भाजपा के कार्यकर्ताओं का त्याग और समर्पण प्रेरणीय है।"

पार्टी के स्थापना दिवस के बारे में बात करते हुए उन्होंने लिखा, "आज मोदी जी के नेतृत्व में कमल का निशान देशवासियों के मन में विश्वास और आशा का नया प्रतीक बना है। बीते एक दशक में भाजपा ने सेवा, सुरक्षा और सांस्कृतिक जागरण के जो कार्य किए हैं, वे आने वाले दिनों में मील के पत्थर बनेंगे। भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता वैचारिक प्रतिबद्धता का निष्ठापूर्वक पालन करते हुए राष्ट्रनिर्माण में योगदान देते रहेंगे।"

भाजपा का आधिकारिक गठन 6 अप्रैल 1980 को पंच निष्ठाओं के आधार पर हुआ था। हालांकि, पार्टी की उत्पत्ति 1950 में जनसंघ के गठन से हुई। जनसंघ की स्थापना पूर्व केंद्रीय मंत्री श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने की थी।

1977 में आपातकाल की समाप्ति के बाद कांग्रेस को हराने के उद्देश्य से जनसंघ का जनता पार्टी में विलय हो गया। बाद में, आरएसएस सदस्यों और जनसंघ के बीच 'दोहरी सदस्यता' का सवाल उठा, जिसमें कहा गया कि या तो जनसंघ के सदस्य जनता पार्टी छोड़ दें या आरएसएस की सदस्यता छोड़ दें। इस मुद्दे को लेकर जनसंघ के सदस्यों ने जनता पार्टी छोड़ दी और 6 अप्रैल, 1980 को आधिकारिक तौर पर भाजपा की स्थापना की।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठन के बाद से दो प्रधानमंत्री हुए हैं: नरेन्द्र मोदी और अटल बिहारी वाजपेयी। 1996, 1998 और 1999 के लोकसभा चुनावों में पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। 2019 के लोकसभा में पार्टी ने 303 सीटें जीतीं, जो पार्टी के इतिहास में सबसे ज़्यादा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Bjp, Bharatiya Janata party, lotus flower, amit shah, union home minister, bjp foundation day
OUTLOOK 06 April, 2025
Advertisement