Advertisement
06 December 2018

माधुरी दीक्षित की भाजपा में हो सकती है एंट्री, पुणे से चुनाव लड़ने की चर्चा

धक-धक गर्ल के नाम से मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित नेने को भाजपा अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के दौरान पुणे सीट से मैदान में उतार सकती है। इस साल जून में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ‘संपर्क फॉर समर्थन’ अभियान के तहत उनके मुंबई स्थित आवास पर मुलाकात की थी और उन्हें नरेंद्र मोदी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से अवगत कराया था।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने गुरुवार को बताया कि माधुरी दीक्षित का नाम पुणे लोकसभा के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। उन्होंने कहा,“ माधुरी दीक्षित को 2019 का लोकसभा चुनाव पुणे से लड़ाने पर पार्टी गंभीरता से विचार कर रही है। हमें लगता है कि यह सीट उनके लिए मुफीद रहेगी।” उन्होंने बताया, “पार्टी कई लोकसभा सीटों से संभावित उम्मीदवारों के नाम तय करने में जुटी है और माधुरी का नाम पुणे के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। वह इस पर गंभीरता से विचार कर रही हैं।”

51 साल की माधुरी ने हम आपके हैं कौन, दिल तो पागल है, साजन और देवदास जैसी कई हिट फिल्में दी हैं। 2014 लोकसभा चुनावों के दौरान भाजपा ने पुणे लोकसभा की सीट कांग्रेस से छीनी थी। भाजपा के अनिल शिरोले तीन लाख से ज्यादा वोटों से जीते थे। भाजपा के एक अन्य नेता ने माधुरी को चुनाव लड़ाने की योजनाओं को लेकर बताया, “इस तरह का प्रयोग नरेंद्र मोदी ने गुजरात में पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद किया था। उन्होंने स्थानीय निकाय चुनावों में सभी उम्मीदवारों को बदल दिया था और पार्टी को इसका फायदा मिला।”

Advertisement

उन्होंने बताया, “नए चेहरे की आलोचना करना आसान नहीं होता। इससे विपक्ष को निराशा हाथ लगती है और भाजपा ज्यादा से ज्यादा सीट जीतकर सत्ता बचाने में सफल रहती है।” उन्होंने बताया कि 2017 में दिल्ली निकाय चुनावों में भी पार्टी का यह प्रयोग सफल रहा था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: लोकसभा चुनाव, भाजपा, माधुरी दीक्षित, पुणे, LS polls, BJP, Madhuri Dixit, Pune
OUTLOOK 06 December, 2018
Advertisement