Advertisement
26 October 2022

मल्लिकार्जुन खड़गे ने संभाला कांग्रेस अध्यक्ष का पद, बीजेपी के खिलाफ दिया ये बड़ा बयान

ट्विटर/एएनआई

आज आधिकारिक तौर पर मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष बन गए हैं। एआईसीसी मुख्यालय दिल्ली में चुनाव अधिकारी मधूसदन मिस्त्री ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। इस दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी हुई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि आज मेरे लिए भावुक क्षण है। आज एक कार्यकर्ता, मजदूर का बेटा कांग्रेस का अध्यक्ष बना है। इसके लिए कांग्रेस का बहुत-बहुत धन्यवाद।

इस मौके पर उन्होंने संगठन के 50 प्रतिशत पदों को 50 साल के कम उम्र के नेताओं के लिए आरक्षित करने का ऐलान भी किया। मल्लिकार्जुन खड़गे इस दौरान केंद्र की वर्तमान सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा, 'न्यू इंडिया में रोजगार नहीं है। देश में महंगाई चरम पर है। सरकार सो रही है। ईडी और सीबीआई के जरिए लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। आज की राजनीति में झूठ का बोलबाला हो गया है।'

 

Advertisement

खड़गे ने कहा कि मैंने कांग्रेस के साथ अपनी पारी की शुरुआत कांग्रेस ब्लॉक कमेटी के अध्यक्ष के तौर पर शुरू की थी। उसे आज आपने इस मुकाम पर पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि जिस महान राजनीतिक दल का नेतृत्व गांधी जी, नेहरू जी, सुभाष चंद्र बोस जी, इंदिरा गांधी जी और राजीव जी ने किया हो, उस पार्टी को संभालना हमारे लिए गर्व की बात है। डॉक्टर अंबेडकर ने इस देश के संविधान को बनाने में योगदान दिया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के लिए कार्य किया है। ऐसे में मैं संविधान के लिए भी लड़ाई लड़ूंगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए मैं अपनी पूरी मेहनत के साथ कार्य करूंगा। लेकिन आप लोगों को भी इसमें सहयोग देना होगा।

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा और आरएसएस पर हमला बोलते हुए कहा कि  भाजपा और आरएसएस का सपना है कि ये देश विपक्ष मुक्त हो। वो लोग न्यू इंडिया की बहुत बात करते हैं लेकिन ये कैसा न्यू इंडिया है जिसमें युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, जहां किसानों को जीप के नीचे कुचल दिया जा रहा है, महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि और अत्याचारियों का सम्मान हो रहा है। ये कैसा न्यू इंडिया है जहां जनता महंगाई से त्राहि-त्राहि कर रहे हैं लेकिन सरकार आंखे बंदकर रखे हुए हैं आदि...इस न्यू इंडिया को बनाने के लिए वो कांग्रेस मुक्त भारत चाहते हैं क्योंकि कांग्रेस के रहते ऐसा हो नहीं सकता।

खड़गे ने इस दौरान सोनिया गांधी का आभार जताया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यभार संभालने पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आज मेरे लिए बहुत भावुक क्षण है, आज एक सामान्य कार्यकर्ता को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अध्यक्ष चुनकर ये सम्मान देने के लिए आप सबका हार्दिक आभार और धन्यवाद देता हूं।

खड़गे ने कहा कि आज इस अवसर पर कांग्रेस के करोड़ों कार्यकर्ता की तरफ से सोनिया गांधी जी के बहुमूल्य योगदान के प्रति मैं हृदय से आभार प्रकट करना चाहूंगा। आपने कांग्रेस को रात-दिन एक करके संभाला है और आपके नेतृत्व में 2 बार यूपीए की सरकार बनी।

सोनिया गांधी की तारीफ करते हुए खड़गे ने कहा कि 1998 की जनवरी की जनसभा में जब आप ने कहा था कि मैं कर्नाटक से अपनी राजनीति की भिक्षा ले रही हूं। तब से ही आप लगातार कांग्रेस पार्टी को मजबूती देने के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया जी हमेशा सच्चाई के मार्ग पर चलती रहीं। उन्होंने राजनीति में जो मिशाल पेश की है, वह सबके लिए संभव नहीं है। उनके नेतृत्व में दो बार कांग्रेस की सरकार केंद्र में बनी।

खड़गे ने कहा कि मैं जानता हूं कि यह दौर मुश्किल है। लेकिन मैं भी काम करूंगा। उन्होंने कहा कि किसने सोचा होगा कि देश में एक दौर ऐसा आएगा, जब देश में झूठ का बोलबाला होगा। लेकिन आप ध्यान रखिए कि हम ऐसा नहीं होने देंगे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा आप सब संविधान बचाना चाहते हैं। आइए हम साथ चले।

 

राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा, ''आज मल्लिकार्जुन खड़गे साहब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालेंगे। सोनिया जी ने जो फैसला किया कि गैर-गांधी से कांग्रेस अध्यक्ष बने और खड़गे जी बन भी गए हैं तो हम सब की जिम्मेदारी है कि इसे हम कामयाब करें और पार्टी को मजबूत करें।''

 

वहीं, मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यभार संभालने पर पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने बधाई देते हुए कहा, ''खड़गे जी की नीतियां पंडित जवाहर लाल नेहरू की नीतियां होगी। लोकतंत्र और समाजवाद को हमें मजबूत करना, जाति प्रथा को खत्म करना है..इसमें कुछ नई भी नीतियां शामिल हो सकती हैं।''

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Mallikarjun Kharge, Congress President Kharge, Congress president, Congress, Sonia Gandhi
OUTLOOK 26 October, 2022
Advertisement