Advertisement
04 May 2017

कांग्रेस ने बदले उत्तराखंड और पंजाब के अध्यक्ष, संगठन में कई फेरबदल

कांग्रेस ने गुरुवार को पार्टी में बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों के अध्यक्ष और प्रभारियों को बदल दिया। पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि अविनाश पांडेय को राजस्थान का प्रभारी महासचिव बनाया गया है, वह गुरुदास कामत की जगह लेंगे। राजस्थान में अगले साल चुनाव होने वाले हैं। पांडे की मदद के लिए राज्य में चार नए एआईसीसी सचिवों की टीम होगी। इनमें विवेक बंसल, काजी मोहम्मद निजामुद्दीन, देवेन्द्र यादव एवं तरूण कुमार शामिल हैं।

वहीं उत्तराखंड में प्रीतम सिंह कांग्रेस के नये अध्यक्ष होंगे। विधानसभा चुनावों में मिली करारी हार के पार्टी किशोर उपाध्याय की जगह प्रीतम सिंह को मौका दिया गया है। पंजाब की जिम्मेदारी सुनील जाखड़ को सौंपी गई है। उन्हें कांग्रेस ने पंजाब का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। अमरिन्दर सिंह के मुख्यमंत्री बनने के बाद जाखड़ को यह जिम्मेदारी दी गई है। इस चयन के पीछे कांग्रेस की पंजाब में हिंदू मतदाताओं को लुभाने की कोशिश मानी जा रही हैैै।

राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तंखा को कांग्रेस ने कानूनी और मनवाधिकार सेल का चेयरमैन बनाया है। सुरजेवाला ने बताया कि 17 नए पदाधिकारियों को नियुक्त किया गया है, जिनमें 10 पदाधिकारी 50 साल से कम उम्र के हैं। कांग्रेस के इस कदम से साफ है कि पार्टी अब युवा और नए चेहरों पर दांव लगा रही है।

Advertisement

वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी से इंकार

कांग्रेस ने संगठन में फेरबदल करते हुुुए वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी से इंकार किया है। एक सवाल के जवाब में रणदीप सुरेजवाला ने कहा कि उनके यहां वरिष्ठ नेताओं को मार्गदर्शक मंडल में नहीं भेजा जाता। कांग्रेस में शुरू से ही वरिष्ठ और युवा पीढ़ी मिलजुल कर जिम्मेदारी संभालती आई है। आने वाले दिनों में कांग्रेस संगठन में कई बदलाव सामने आ सकते हैं। पार्टी में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया भी जारी है जाेे इस वर्ष अक्तूबर तक पूरी हाेगी। 

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 04 May, 2017
Advertisement