Advertisement
03 February 2016

मोदी सरकार थम्स अप सरकार, हमेशा कुछ तूफानी चाहती है: कांग्रेस

गूगल

कांग्रेस ने बुधवार को मोदी सरकार की इवेंट मैनेजमेंट में रूचि के लिए उसपर करारा प्रहार करते हुए कहा कि यह एक थम्स अप सरकार है। वह चाहती है कि हर दिन कुछ तूफानी हो जाए। साथ ही कांग्रेस ने कोयंबटूर में एक जनसभा के दौरान पार्ची पर हमला करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्होंने पद संभालने के बाद से प्रधानमंत्री से ज्यादा एक भाजपा नेता और एक प्रचारक की तरह काम किया है।

 

गौरतलब है कि कल मोदी ने कांग्रेस पर परोक्ष मगर तीखा हमला बोलते हुए कहा था कि देश को विघटित करने के लिए सोची समझी साजिश के तहत दलितों के मुद्दे पर झूठ का अभियान शुरू किया गया है। कांग्रेस प्रवक्ता अजय कुमार ने मोदी पर लोगों से किए गए वादों को पूरा करने की बजाए अपने राजनीतिक विरोधियों पर हमला करने पर ध्यान देने का आरोप लगाया। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान को काफी धूमधाम से शुरू किया गया लेकिन कुछ ही समय के भीतर उसका महत्वाकांक्षी परिव्यय आधा कर दिया गया और अब मूल रूप से अनुमानित राशि का केवल पांचवां हिस्सा ही योजना के लिए निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा, वे हर बार केवल इवेंट मैनेजमेंट करना चाहते हैं। उनकी सिर्फ इसमें ही रूचि है।

Advertisement

 

अजय ने दलितों के मुद्दे पर कांग्रेस द्वारा झूठ का अभियान शुरू करने के मोदी के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि आरक्षण के मुद्दे पर लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन और कुछ दूसरे भाजपा नेताओं की टिप्पणियां समाज में सद्भाव फैलाने के लिहाज से अनूकूल नहीं हैं। कल तमिलनाडु के कोयंबटूर में प्रधानमंत्री ने आरक्षण समाप्त किए जाने की संभावना से इंकार करते हुए कांग्रेस पर परोक्ष हमला बोला था। उन्होंने कहा था, पहले उन्होंने किसानों को भड़काने का प्रयास किया। उन्हें कामयाबी नहीं मिली। अब दलितों को लेकर झूठ फैला रहे हैं। जहां कहीं भी वे जाते हैं, जब कभी वे जाते हैं, वे झूठ बोलते हैं। वे उंची आवाज में झूठ को दोहराते रहते हैं। दलितों को गुमराह करने और मूर्ख बनाने के लिए झूठ बोलने का एक अभियान शुरू किया गया है।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: कांग्रेस, भाजपा, मुंबई, मेक इन इंडिया, केंद्र सरकार, विज्ञापन, मोदी सरकार, थम्स अप सरकार, तूफानी, नरेंद्र मोदी, राजनीति, इवेंट मैनेजमेंट, कोयंबटूर
OUTLOOK 03 February, 2016
Advertisement