Advertisement
13 January 2021

15 साल में लड़की प्रजनन के लायक हो जाती है, तो शादी 21 साल में क्यों?, कांग्रेस के पूर्व मंत्री का बेतुका बयान

मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने लड़कियों को लेकर बेतुका बयान दिया है। उनका कहना है कि लड़किया 15 वर्ष में ही प्रजनन के लायक हो जाती है तो शादी की उम्र 21 साल क्यों की जानी चाहिए। वर्मा का यह बयान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के उस बयान के जबाव में आया है जिसमें मुख्यमंत्री ने कहा था कि लड़कियों की शादी की उम्र 18 साल से बढ़ाकर 21 साल कर देनी चाहिए।

वर्मा ने कहा कि पता नहीं मुख्यमंत्री कहां से ऐसे विचार लेकर आते हैं। शिवराज जी क्या डॉक्टर हैं? प्रदेश में बच्चियों के साथ रेप की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। उन्हें शादी की उम्र पर बयान देने के बजाय बच्चियों की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए। इसके अलावा जब लड़किया 15 वर्ष में प्रजनन के लायक हो जाती है तो 21 वर्ष क्यों की जानी चाहिए।

शिवराज सिंह ने कहा था कि कई बार मुझे लगता है कि समाज में बहस होनी चाहिए कि बेटियों की शादी की उम्र 18 रहनी चाहिए या इसे बढ़ाकर 21 साल कर देना चाहिए। मैं इसे बहस का विषय बनाना चाहता हूं। प्रदेश सोचे, देश सोचे, ताकि इस पर फैसला किया जा सके।

Advertisement

मुरैना में जहरीली शराब पीने से 22 लोगों की मौत पर वर्मा ने कहा कि कलेक्टर और एसपी को हटाना अच्छी बात है, लेकिन इससे सिस्टम नहीं बदलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुरैना में अवैध शराब बनाने के कारखाने चल रहे हैं। जहां पुलिस पहुंचती तो है, लेकिन पैसा लेकर वापस हो जाती है। इससे पहले उज्जैन में घटना हुई थी। जिसके बाद कहा गया था कि पूरे प्रदेश में अभियान चलाया जाएगा, लेकिन कुछ नहीं हुआ। वर्मा ने कहा कि मृतकों के परिजनों को राहत राशि देना चाहिए।

TAGS: Congress, Controversial Statement, Girls Marriage, 15 साल में लड़की प्रजनन के लायक हो जाती है, कांग्रेस
OUTLOOK 13 January, 2021
Advertisement